(www.arya-tv.com)बेंगलुरु से पटना जा रही गो फर्स्ट की फ्लाइट ने नागपुर में इमरजेंसी लैंडिंग की है। जानकारी के मुताबिक उड़ान के दौरान विमान के इंजन में खराबी का पता चला था। अलार्म सिग्नल आने पर पायलट ने एहतियात के तौर पर विमान के एक इंजन को बंद कर दिया। इसके बाद फ्लाइट को नागपुर डायवर्ट कर दिया गया, जहां उसकी इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान में 139 यात्री सवार थे।
गो फर्स्ट की फ्लाइट नंबर G8 873 ने बेंगलुरु से पटना के लिए उड़ान भरी थी। रास्ते में ही इंजन फेल होने की वॉर्निंग के बाद सुबह करीब 11.15 पर नागपुर में इसकी लैंडिंग हुई। इस घटना में किसी यात्री को नुकसान नहीं पहुंचा है। घटना के बाद यात्रियों को पटना पहुंचाने के लिए दूसरे प्लेन का इंतजाम किया गया। कंपनी के इंजीनियर विमान की जांच के लिए पहुंच गए हैं।