डिप्टी CM से मिलने की फरियाद लेकर पहुंची महिला को CO ने दुत्कारा

UP

(www.arya-tv.com)उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा सोमवार को रायबरेली के दौरे पर थे। वे विकास भवन के मीटिंग हाल के अंदर प्रशासनिक, पुलिस और स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ मीटिंग कर रहे थे। तभी एक महिला दिनेश शर्मा से मिलने के लिए वहां पहुंच गई। लेकिन सुरक्षा ड्यूटी में तैनात सदर सर्किल के क्षेत्राधिकारी (CO) ने महिला को रोक लिया। महिला गिड़गिड़ाती रही। रोते हुए हाथ जोड़कर कहा- एक बार मुलाकात करा दीजिए। पैर पकड़ती हूं। लेकिन CO ने दुत्कार दिया। कहा- हट बकवास कर रही है। महिला के साथ इस अभद्रता वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

नवनिर्वाचित प्रधान के खिलाफ शिकायत लेकर पहुंची थी महिला
गदागंज थाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता प्रीतू सिंह अपनी फरियाद लेकर विकास भवन पहुंची थी। पीड़िता के अनुसार कुछ दिन पूर्व उसके गांव के नवनिर्वाचित प्रधान ने मारपीट की घटना को अंजाम दिया था। लेकिन स्थानीय थाने की पुलिस मामले में प्रधान के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रही। इसी मामले को लेकर वो विकास भवन मे डिप्टी सीएम से मिलकर मदद मांगना चाहती थी।

CO ने खोया आपा, दुत्कार कर भगाया
लेकिन वहां ड्यूटी कर रहे सीओ सदर महिपाल पाठक ने महिला को फटकार लगाते हुए कहा चलो जाओ उधर। महिला हाथों को जोड़कर कहती रही हमें एक बार मिल लेने दीजिए, मैं आपके पैर पकड़ती हूं। इस पर सीओ ने आपा खो दिया, और कहा हट बकवास कर रही है। और ये कहकर वो मुड़ गए।