संजय दत्त की बेटी त्रिशाला ने बताया-सात साल के एक लंबे रिलेशनशिप में रहीं थीं

Fashion/ Entertainment

(www.arya-tv.com)एक्टर संजय दत्त की बेटी त्रिशाला एक साइकोथेरेपिस्ट हैं। वे अक्सर इससे जुड़े कई मुद्दों के बारे में सोशल मीडिया पर लोगों को जागरूक भी करती रहती हैं। अब हाल ही में त्रिशाला ने सोशल मीडिया पर एक ‘आस्क मी एनीथिंग’ सेशन रखा था। इसमें उन्होंने लोगों के मेंटल हेल्थ, रिलेशनशिप और अन्य कई मुद्दों से जुड़े सवालों के जवाब दिए। इस दौरान उन्होंने यह भी खुलासा किया कि वे एक सात साल के लंबे रिलेशन में रही थीं, जो बाद में टूट गया था।

मेरा सबसे लंबा रिलेशनशिप 7 साल तक चला था
दरअसल, एक फैन ने ‘आस्क मी एनीथिंग’ सेशन में त्रिशाला दत्त से सवाल किया कि उनका सबसे लंबा रिलेशनशिप कितने वक्त तक चला था? और वो क्यों टूटा? इसके जवाब में त्रिशाला दत्त ने कहा, “मेरा सबसे लंबा रिलेशनशिप सात साल तक चला था। और वो रिश्ता क्यों टूटा, इसकी मैं ज्यादा डिटेल नहीं देना चाहूंगी। बस इतना कहूंगी कि हम दोनों ने उस वक्त आपसी सहमति से अलग होने का फैसला किया था।”

आज वो शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं
त्रिशाला दत्त ने आगे कहा, “वो उस समय एक नई जिंदगी के लिए तैयार था, लेकिन मैं तैयार नहीं थी। हमारे बीच मतभेद पैदा होते चले गए। कुल मिलाकर हम दोनों बहुत दूर हो गए थे। ऐसा होता है। आज वो शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं। मेरी शुभकामनाएं उसके साथ हैं।” एक अन्य यूजर ने जब त्रिशाला दत्त से पूछा कि क्या उन्हें कभी प्यार में धोखा मिला है। इसके जवाब में उन्होंने कहा कि हां मिला है। लेकिन उन्होंने इस बारे में कुछ भी बताने से इनकार कर दिया।

कचरे के डिब्बे की तरह ट्रीट करता था बॉयफ्रेंड
त्रिशाला इससे पहले भी कई बार अपने रिश्तों के बारे में खुलकर बात कर चुकी हैं। इस साल फरवरी में उन्होंने सोशल मीडिया पर बॉयफ्रेंड द्वारा टॉर्चर किए जाने की कहानी बताई थी। उन्होंने कहा था कि वे एक ऐसे रिलेशनश‍िप में थीं, जिसमें उनके बॉयफ्रेंड ने उन्हें धीरे-धीरे अपने दोस्तों से भी दूर कर दिया था। त्रिशाला ने बताया था कि उनका बॉयफ्रेंड उन्हें कचरे के डिब्बे की तरह ट्रीट करता था।

संजय दत्त की पहली पत्नी की बेटी हैं त्रिशाला
बता दें कि, त्रिशाला एक्टर संजय दत्त और उनकी पहली पत्नी और दिवंगत एक्ट्रेस ऋचा शर्मा की बेटी हैं। त्रिशाला का अपने माता-पिता की तरह एक्टर बनने का भी कोई प्लान नहीं है। वे लाइमलाइट से दूर ही रहती हैं। लेकिन सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव हैं।