(www.arya-tv.com)उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर में सोमवार को एक पेंट फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। अचानक आग लगने से फैक्ट्री के भीतर काम कर रहे कर्मियों में दहशत फैल गई। सभी जान बचाकर बाहर भागे। इसकी सूचना दमकल विभाग को दी गई। लेकिन गाड़ियां डेढ़ घंटे की देरी से पहुंची। तब तक रह रहकर फैक्ट्री में धमाके होते रहे। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया है। अग्निकांड में लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। आग लगने से कारणों की जांच की जा रही है।
सुबह करीब 8 बजे लगी आग
यह मामला बिठूर थाना क्षेत्र के मंधना जीटीरोड स्थित पेंट फैक्ट्री का है। सोमवार की सुबह करीब 8 बजे फैक्ट्री में आग लग गयी। आग इतनी विकराल थी कि फैक्ट्री में काम करने वाले कर्मचारियों में भगदड़ मच गयी। आनन-फानन में सभी अपनी जान बचाकर बाहर निकले का प्रयास करने लगे। फैक्ट्री मालिक ने इसकी सूचना पुलिस और दमकल विभाग टीम को दी। पुलिस ने सभी फैक्ट्री कर्मी को बाहर निकाला। जीटी रोड में जाम होने के चलते दमकल विभाग की टीम डेढ़ घंटे में पहुंच सकी। इस दौरान आग ने और विकराल रूप ले लिया।
फैक्ट्री के अंदर पेंट बनाने में इस्तेमाल होने वाली ज्वलनशील केमिकल की वजह से आग और भीषण होती जा रही थी। आग को बुझाने में किसी की हिम्मत नहीं हो रही थी। भीषण आग को देखते हुए आसपास स्थित फैक्ट्रियों को बंद करा दिया गया। फैक्ट्री में लगे आग से रखे ड्रम एक के बाद एक फटने लगे, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। डेढ़ घंटे बाद पहुंची दमकल की दर्जनों गाड़ियों ने फैक्ट्री के चारों ओर से घेरकर पानी की बौछारे मारना शुरू किया।