महोबा:जिस व्यापारी ने आईपीएस के खिलाफ लगाया अवैध वसूली का आरोप, उसकी हुई मौत

UP

(www.arya-tv.com)महोबा. यहां बीते दिनों जिस व्यापारी इन्द्रकांत ने तत्कालीन एसपी मणि लाल पाटीदार पर अवैध वसूली और हत्या करा देने की आशंका जाहिर की थी। बीती रात कानपुर में रीजेंसी हॉस्पिटल में उसकी मौत हो गयी है। इस मामले में अब राजनीति शुरू हो गयी है। साथ ही मृतक के परिजनों ने अब आरोपी आईपीएस पर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। इस हत्याकांड में साथ ही मृतक की भतीजी ने एक विडियो वायरल कर आरोपी आईपीएस से जान का खतरा बताया है।

कड़ी सुरक्षा में हो रहा है अंतिम संस्कार

देर रात व्यापारी का शव महोबा पहुँच चुका है जहां अब परिजन अंतिम संस्कार की तैयारियों में लगे हैं। शव यात्रा निकाली गयी है। जिसमे शहर के व्यापारी शामिल हुए हैं। वहीँ परिजनों का कहना है कि आईपीएस मणिलाल पाटीदार के साथ साथ नगर कोतवाली थाने का सिपाही अंकित सिंह राजावत भी शामिल है। वहीँ व्यापारी का शव पहुंचते ही पुलिसकर्मी वहां मुस्तैद हो गए। चित्रकूट मंडल के आईजी सत्यनारायण, डीएम अवधेश कुमार लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। तकरीबन 5 थानों की फ़ोर्स को मौके पर लगाया गया है।

क्या है पूरा मामला

बीते 5 सितंबर को कबरई के क्रेशर व विस्फोटक व्यापारी इन्द्रकांत ने तत्कालीन एसपी मणिलाल पाटीदार पर उसे प्रताड़ित करने और हर महीने 6 लाख रुपये रिश्वत मांगने का गंभीर आरोप लगाया था। उन्होंने सीएम को पत्र भी लिखा था साथ ही विडियो वायरल करके तत्कालीन एसपी द्वारा मिल रही धमकियों का भी जिक्र किया था। यहीं नही उसने अपनी हत्या की आशंका भी जताई थी। बीती 8 सितंबर को कार में व्यापारी इन्द्रकांत घायल पड़े मिले थे। उन्हें गले में गोली लगी थी। तब उन्हें कानपुर के रीजेंसी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी स्थिति दिन ब दिन बिगडती चली गयी। रविवार सुबह से ही उनकी तबियत कुछ ज्यादा ही खराब हो गयी। देर शाम उन्होंने हॉस्पिटल में दम तोड़ दिया। देर रात उनका शव महोबा पहुंचा। जिसके बाद सुबह से ही उनके अंतिम संस्कार की तैयारियां पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच की जा रही है।

15 घंटे बाद भी नहीं दर्ज हुआ हत्या का मुकदमा

परिजनों की नाराजगी पुलिसवालों से बनी हुई है। उनका कहना है कि 15 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस ने हत्या के प्रयास का मुकदमा हत्या में तरमीम नहीं किया है। उन्होंने कहा कि हमें न्याय चाहिए। एक आईपीएस ने अवैध वसूली के लिए इन्द्रकांत की हत्या करवाई है। वहीँ इस मामले में कोई भी अधिकारी बोलने को तैयार नही है