मृतक रेलवे कर्मी की पत्नी ने अपने बहनोई व उसके पुत्र पर लगाया हत्या का आरोप

Lucknow
  • ट्यूबवेल को लेकर बहनोई से चल रहा था विवाद।
  • ग्राम रामदासपुर में आम के बाग में पड़ा मिला था रिटायर्ड रेलवे कर्मी का शव।
  • मृतक के घर पहुंची मंत्री स्वाती सिंह, दिया न्याय दिलाने का भरोसा।

लखनऊ। बंथरा के ग्राम रामदासपुर में रिटायर्ड रेलवे कर्मी का शव आम के बाग में मिलने के बाद जहां पुलिस इसे दुर्घटना मान रही है वहीं मृतक के घरवाले इसे हत्या बता रहे हैं, परिजनों ने पुलिस अधिकारियों से हत्या का मामला दर्ज कर जांच कराने व आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही किये जाने की मांग की है। मृतका की पत्नी ने अपने ही बहनोई व उसके पुत्र पर हत्या करने का आरोप लगाया है।

घटना की जानकारी होने पर राज्यमंत्री स्वाती सिंह ने मृतक के घर पहुंचकर उसके परिजनों से मुलाकात की और उन्हे ढांढस बंधाया। मंत्री ने मृतक की पत्नी को भरोसा दिलाया कि उन्हे न्याय जरुर मिलेगा। मंत्री स्वती सिंह के साथ बीजेपी के पूर्व जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह राजू व नवलेश सिंह, आशु शुक्ला भी मौजूद थे।

गौरतलब है कि बंथरा थाने के ग्राम रामदासपुर में आम के बाग में बुधवार देर रात एक शव पड़ा मिला था जिसकी जानकारी स्थानीय लोगों के द्वारा बंथरा पुलिस को दी गयी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान रिटायर्ड रेलवे कर्मी लल्लूराम सरोज उम्र करीब 65 वर्ष के रुप में करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।

प्रथम दृष्टया पुलिस इसे दुर्घटना मान रही है। वहीं गुरुवार को मृतक की पत्नी सुशीला ने लल्लूराम की हत्या किये जाने की आशंका जता कर पुलिस की जांच पर असंतोष जाहिर किया। मृतक की पत्नी ने अपने बहनोई रामजियावन व उनके पुत्र पर हत्या करने का आरोप लगाया है। बुधवार देर रात करीब 10:00 बजे एक 65 वर्षीय बुजुर्ग का शव घर से दूर आम की बाग में मिला शव पड़ा होने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया था।

लखनऊ में हत्याओं का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है सुबह पीजीआई क्षेत्र में एक युवक की गोली मारकर हत्या हुई थी उसके बाद बन्थरा थाना क्षेत्र के रामदास पुर गांव में ही देर रात 10:00 बजे आम की बाग में रेलवे रिटायर कर्मचारी लल्लू सरोज का शव पड़ा मिला। बंथरा इन्सपेक्टर रमेश सिंह रावत ने बताया कि प्रथम दृष्टया मृतक के शरीर पर कोई चोट के निशान देखने को नहीं मिले इन्सपेक्टर ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के उपरांत ही मृत्यु के असली कारणों का पता चलेगा।

उन्होने कहा कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्यवाही की जायेगी। इंस्पेक्टर ने बतायाकि मृतक के परिवार में उसकी पत्नी सुशीला तथा एक बेटी सरला है सरला का विवाह हो चुका है और वह सरोजिनी नगर इलाके के बदली खेड़ा में रहती है। गुरुवार को मामला उस वक्त गहरा गया जब मृतक की पत्नी ने ही लल्लूराम की हत्या किये जाने की आशंका जताते हुए हत्या करने का आरोप अपने बहनोई व उसके पुत्र पर लगाया मृतक की पत्नी सुशीला का कहना है कि उनके बहनोई व उनके पति का ट्यूबेल को लेकर विवाद चल रहा था सुशीला ने बताया कि दो माह पूर्व उसके बहनोई ने कहा था कि या तुम बेवा होगी या हमारी पत्नी।

सुशीला का बहनोई रिटायर्ड सचिवालय कर्मी है। मृतक की पत्नी के आरोपो पर बंथरा पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और अगर पीएम रिपोर्ट में हत्या की बात सामने आती है तो हत्या का मामला दर्ज किया जायेगा। वहीं मृतक लल्लूराम के रामदासपुर स्थित घर पर गुरुवार दोपहर राज्यमंत्री स्वाती सिंह भी पहुंची और मृतक पत्नी सुशीला से मामले की पूरी जानकारी ली। मंत्री ने मृतक की पत्नी को ढांढस बंधाने के साथ ही उसे भरोसा दिलाया कि उन्हे न्याय जरुर मिलेगा। मंत्री ने मौके पर मौजूद बंथरा कोतवाल को भी जरुरी दिशा निर्देश दिये और घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करने को कहा।