बिजली चोरी पकड़ते ही मुकदमा दर्ज कराने में विभाग सक्रिय हो जाता है, लेकिन इसके बाद कार्रवाई की रफ्तार धीमी पड़ जाती है। बरेली मंडल में बिजली चोरी के 23,314 मुकदमे ऐसे हैं, जिनमें अब तक चार्जशीट दाखिल नहीं की गई है। इनमें कई मामले चार साल तक पुराने हैं। सबसे खराब स्थिति बरेली जिले की है, जहां 13,478 मामलों में चार्जशीट दाखिल न होने से न्यायिक प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है।
वर्ष 2022 से अब तक के आंकड़ों पर नजर डालें तो बरेली मंडल के चारों जिलों में बिजली चोरी के मामलों में बड़ी संख्या में चार्जशीट लंबित हैं। बरेली में सर्वाधिक 13,478 मामले लंबित हैं। वहीं शाहजहांपुर में 6,045, बदायूं में 3,383 और पीलीभीत में 408 मामलों में चार्जशीट दाखिल नहीं हुई है। इस तरह मंडल के कुल लंबित मामलों में आधे से अधिक अकेले बरेली जिले के हैं।
दरअसल, बिजली चोरी पकड़े जाने पर विद्युत निगम और विजिलेंस की ओर से एंटी पावर थेफ्ट थाने में मुकदमे दर्ज कराए जाते हैं। इसके बाद मामले की विवेचना पूरी कर अदालत में चार्जशीट दाखिल की जानी चाहिए, ताकि आरोपियों के खिलाफ न्यायिक प्रक्रिया शुरू हो सके। लेकिन बड़ी संख्या में मामले इसी प्रक्रिया में अटके हुए हैं। मुकदमे दर्ज होने के बावजूद चार्जशीट दाखिल नहीं होने से इन मामलों की सुनवाई आगे नहीं बढ़ पा रही है।
राजस्व वसूली पर ज्यादा जोर, कानूनी कार्रवाई पीछे
बिजली चोरी के मामलों में विभाग की प्राथमिकता राजस्व वसूली पर अधिक दिखाई दे रही है। अधिकारियों का जोर चोरी में पकड़े गए उपभोक्ताओं से बकाया बिजली बिल और निर्धारित जुर्माने की रकम जमा कराने पर रहता है। भुगतान नहीं करने वाले मामलों में आगे चार्जशीट दाखिल करने की बात कही जा रही है। ऐसे में राजस्व वसूली की प्रक्रिया के बीच कानूनी कार्रवाई की रफ्तार प्रभावित हो रही है।
सीओ विजिलेंस राकेश राय ने बताया कि बिजली चोरी के मामलों में पहले राजस्व बढ़ाने का प्रयास किया जाता है। इसके बाद भी जिन उपभोक्ताओं की ओर से बकाया जमा नहीं किया जाता, उनके मामलों में चार्जशीट दाखिल की जाती है।
