प्रयागराज। बेंगलुरु जाने वाले रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। उत्तर मध्य रेलवे यात्रियों के लिए प्रयागराज व सूबेदारगंज से बेंगलुरु के श्री एम. विश्वेश्वरैया टर्मिनल (एस. एम. वी. टी.) के बीच दो साप्ताहिक विशेष ट्रेनों का संचालन दिसंबर 2026 से करने का फैसला लिया है। रेलवे के अनुसार इन विशेष सेवाओं से उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के बीच रेल संपर्क और बेहतर होगा। खास तौर पर बेंगलुरु में रोजगार, शिक्षा और व्यापार के लिए आवागमन करने वाले यात्रियों को इससे बड़ी राहत मिलेगी।
प्रयागराज से 16 दिसंबर से चलेगी स्पेशल ट्रेन
रेलवे के मुताबिक गाड़ी संख्या 04151 प्रयागराज जंक्शन से एस. एम. वी. टी. बेंगलुरु के लिए प्रत्येक बुधवार को दिनांक 16 दिसंबरसे 23 दिसंबर तक कुल दो फेरों के लिए चलेगी। यह ट्रेन प्रयागराज से शाम 6 बजे रवाना होकर शंकरगढ़, डभौरा, मानिकपुर, चित्रकूट धाम, बांदा, महोबा, टीकमगढ़, ललितपुर, बीना, रानी कमलापति (भोपाल), इटारसी, नागपुर, सिकंदराबाद, गुंटकल, धर्मावरम समेत कई प्रमुख स्टेशनों से होते हुए अगले दिन शुक्रवार रात नौ बजे बेंगलुरु पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 04152 एस. एम. वी. टी. बेंगलुरु से प्रत्येक शनिवार को सुबह 07:00 बजे रवाना होगी और सोमवार तड़के 06:30 बजे प्रयागराज पहुंचेगी। इस ट्रेन में कुल 24 कोच होंगे, जिनमें 02 एसएलआर, 07 सामान्य, 11 स्लीपर, 03 एसी तृतीय श्रेणी और 01 एसी द्वितीय कोच शामिल हैं।
सूबेदारगंज से 11 दिसंबर से होगा संचालन
गाड़ी संख्या 04171 सूबेदारगंज से एस. एम. वी. टी. बेंगलुरु के लिए प्रत्येक शुक्रवार को दिनांक 11 दिसंबर 2026 से 25 दिसंबर 2026 तक कुल 03 फेरों के लिए रात 21:20 बजे चलेगी। यह ट्रेन सतना, कटनी, जबलपुर, इटारसी, नागपुर, सिकंदराबाद, गुंटकल, धर्मावरम जैसे प्रमुख स्टेशनों से गुजरते हुए सोमवार रात 21:00 बजे बेंगलुरु पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 04172 बेंगलुरु से प्रत्येक सोमवार को दिनांक 14 दिसंबर 2026 से 28 दिसंबर 2026 तक सुबह 07:00 बजे रवाना होकर बुधवार तड़के 04:30 बजे सूबेदारगंज पहुंचेगी। इस ट्रेन में 01 एसी प्रथम सह-द्वितीय, 09 स्लीपर, 02 एसी तृतीय श्रेणी, 06 सामान्य और 02 एसएलआर/डी सहित कुल 20 कोच रहेंगे।
यात्रा से पहले NTES ऐप पर चेक करें ट्रेन की स्थिति
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले रेल हेल्पलाइन नंबर 139 या एनटीईएस (NTES) ऐप के माध्यम से अपनी गाड़ी की अद्यतन स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि समय पर यात्रा में किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
