बरेली में पिछले 11 महीनों के दौरान 31 पुलिसकर्मियों ने नौकरी से इस्तीफा दे दिया। किसी ने दूसरी सरकारी सेवा में बेहतर अवसर मिलने पर खाकी छोड़ी तो किसी ने बीमारी और पारिवारिक परिस्थितियों के चलते नौकरी से दूरी बना ली। पुलिस की व्यस्त दिनचर्या, तनाव और कड़ा अनुशासन भी चुनौती बन रहे हैं।
पुलिस की नौकरी में दिन-रात की ड्यूटी, अनियमित दिनचर्या और कड़े अनुशासन के बीच खुद को ढालना बड़ी चुनौती है। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि नौकरी शुरू करने के कुछ साल बाद ही कई पुलिसकर्मियों ने इससे दूरी बना ली। इस्तीफा देने वालों में सिपाही और दरोगा समेत अलग-अलग पदों पर तैनात पुलिसकर्मी शामिल हैं।
कुछ पुलिसकर्मियों ने दूसरी सरकारी सेवाओं में चयन होने के बाद इस्तीफा दिया। इनमें कांस्टेबल तुषार वालियान का सीआईएसएफ में दरोगा, जतिन तोमर का एसएसबी में दरोगा और जतिन राठी का बीएसएफ में दरोगा पद पर चयन हुआ। प्राची सिरोही, सुमित मौर्य, विक्रांत कुमार, हिमांशु वर्मा, अमर राणा, राजीव, अभिषेक और सोहित चौधरी ने भी दूसरी नौकरी ज्वाइन की।
वहीं, कुछ पुलिसकर्मियों ने स्वास्थ्य और पारिवारिक परिस्थितियों के चलते नौकरी छोड़ी। कांस्टेबल अभिषेक के इस्तीफे के पीछे दिल का दौरा पड़ने की वजह बताई गई, जबकि दक्ष ने बीमारी और दिव्या ने मां का स्वास्थ्य खराब होने के कारण नौकरी छोड़ी। सोहित चौधरी ने पारिवारिक कारणों का हवाला दिया। पुलिस में दरोगा बने योगेश प्रताप सिंह ने सहायक अध्यापक बनने के बाद इस्तीफा दे दिया।
वीडियो जारी कर बताया था राजनीति में जाने का इरादा
करीब सात महीने पहले फतेहगंज पूर्वी थाने में तैनात हेड कांस्टेबल जमशेद ने वीडियो जारी कर इस्तीफा देने की जानकारी दी थी। उसने राजनीति में आकर लोगों की सेवा करने की इच्छा को नौकरी छोड़ने की वजह बताया था। वीडियो वायरल होने के बाद उसकी तैनाती के संबंध में जानकारी जुटाई गई तो पता चला कि वीडियो जारी करने के समय वह रामपुर जीआरपी में तैनात था।
एसएसपी बोले- कड़े अनुशासन वाली है पुलिस की नौकरी
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि पुलिस की नौकरी कड़े अनुशासन वाली है। सिपाही और दरोगा के पदों पर भर्ती होने वाले कुछ लोगों को जब दूसरी जगह बेहतर विकल्प मिल जाता है तो वे नौकरी से त्यागपत्र दे देते हैं। कुछ पुलिसकर्मियों ने बीमारी और निजी कारणों से भी इस्तीफा दिया है।
