अमृत-2.0 के तहत 4.16 लाख घरों को मिलेगा सीवर कनेक्शन, 827 किमी नेटवर्क का निर्माण पूरा

# ## UP

 प्रदेश के शहरों में सीवरेज व्यवस्था को विस्तार देने का कार्य तेज हो गया है। अमृत-2.0 योजना के तहत 4.16 लाख घरों को सीवर कनेक्शन से जोड़ने के लिए 1751.52 किलोमीटर लंबा सीवर नेटवर्क विकसित किया जा रहा है, जिसमें से अब तक 827.41 किलोमीटर का निर्माण पूरा हो चुका है। इस विस्तार से शहरी क्षेत्रों के घरों से निकलने वाले गंदे पानी के व्यवस्थित निस्तारण की सुविधा में बड़ा सुधार होगा।

201 एमएलडी के आठ एसटीपी और 16 वाटर ट्रीटमेंट प्लांट निर्माणाधीन

नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने बताया कि सीवर नेटवर्क बिछाने के साथ ही गंदे पानी के वैज्ञानिक शोधन की व्यवस्था भी विकसित की जा रही है। इसके अंतर्गत प्रदेश में 201 एमएलडी क्षमता के आठ सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का निर्माण तेजी से जारी है, जबकि 326.25 एमएलडी क्षमता के 16 वाटर ट्रीटमेंट प्लांट भी निर्माणाधीन हैं।

जल स्रोतों में गंदा पानी जाने की समस्या पर लगेगा अंकुश, स्वच्छ वातावरण पर जोर

इन बुनियादी परियोजनाओं के पूरा होने से शहरों में सीवरेज और जल प्रबंधन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। इससे नदियों, तालाबों और अन्य प्राकृतिक जल स्रोतों में बिना शोधन के गंदा पानी पहुंचने की समस्या को कम करने में मदद मिलेगी, क्योंकि सरकार का प्रमुख जोर शहरी स्वच्छता के साथ नागरिकों को बेहतर और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने पर है।