लखनऊ,: 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी भाजपा ने महिला मतदाताओं तक पहुंच बढ़ाने के लिए बड़ा अभियान शुरू किया है। शुक्रवार को लखनऊ के विश्वैश्वरैया प्रेक्षागृह में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में आठ राज्यों से आईं 403 महिला विस्तारकों को जिम्मेदारी सौंपी गई। ये विस्तारक प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों में प्रवास कर महिलाओं और आम मतदाताओं से सीधा संवाद करेंगी।
कार्यशाला में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने कहा कि महिला विस्तारक सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में प्रवास कर घर-घर संपर्क करेंगी और केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं तथा उपलब्धियों की जानकारी लोगों तक पहुंचाएंगी। साथ ही महिलाओं को संगठन से जोड़कर बूथ स्तर पर भाजपा की पहुंच मजबूत करने पर जोर दिया गया। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में महिला शक्ति की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने महिला कार्यकर्ताओं को पार्टी का प्रमुख प्रचारक बताते हुए मातृशक्ति से संवाद बढ़ाने पर जोर दिया। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सरकार की महिला सुरक्षा से जुड़ी उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की बात कही।
कार्यशाला में प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, प्रदेश सह प्रभारी एवं राज्यसभा सदस्य मेधा कुलकर्णी, महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूप कुमारी चौधरी और प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा ने महिला विस्तारकों को चुनावी तैयारियों और जनसंपर्क अभियान को लेकर मार्गदर्शन दिया।
इनसेट
आठ राज्यों से पहुंचीं विस्तारक
कार्यशाला में गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, दिल्ली, बिहार, झारखंड, राजस्थान और महाराष्ट्र से महिला विस्तारकों ने भाग लिया। धर्मपाल सिंह ने उन्हें प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में संगठन और सरकार की उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच पहुंचने का आह्वान किया। कार्यशाला शुरू होने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। भाजपा नेताओं और महिला विस्तारकों ने दिवंगत आत्मा की शांति व मुख्यमंत्री और उनके परिवार को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
