कारहुआमायो: पेरू के कारहुआमायो से 9 किमी उत्तर-पूर्व में भीषण भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 6.7 मापी गई है। USGS के अनुसार, 21 नवंबर को सुबह 5:39 बजे (IST) पेरू के कारहुआमायो से 9 किमी उत्तर-पूर्व में 6.7 तीव्रता का भूकंप आया।
भूकंप क्यों आते हैं?
अगर सरल भाषा में समझें तो पृथ्वी की ऊपरी परत (क्रस्ट और ऊपरी मेंटल) कई बड़े टुकड़ों में बंटी हुई है, जिन्हें टेक्टोनिक प्लेट कहते हैं। ये प्लेटें लगातार धीरे-धीरे हिलती रहती हैं । लेकिन जब दो प्लेटें एक-दूसरे से टकराती हैं, एक के नीचे धंसती हैं, या एक-दूसरे के साथ रगड़ खाती हैं, तो चट्टानों में बहुत अधिक तनाव जमा हो जाता है। जब यह तनाव चट्टानों की सहन क्षमता से ज्यादा हो जाता है, तो चट्टानें अचानक टूट जाती हैं या खिसक जाती हैं। इस अचानक हलचल से ऊर्जा तरंगों (भूकंपीय तरंगों) के रूप में निकलती है, जो जमीन को हिलाती हैं—यही भूकंप है।
भूकंप की तीव्रता और उसके अनुभव का अंदाजा कैसे लगा सकते हैं?
0 से 1.9 की तीव्रता हो तो सीज्मोग्राफ से इस बारे में पता लगता है, महसूस नहीं होता। अगर 2 से 2.9 की तीव्रता है तो इसमें कंपन कम होता है तो कम ही पता चलता है। 3 से 3.9 की तीव्रता हो तो इसमें थोड़ा पता लगता है और ऐसा लगेगा कि कोई भारी वाहन पास से गुजरा। 4 से 4.9 की तीव्रता हो तो इस दौरान सामान अपनी जगह से नीचे गिर सकता है। 5 से 5.9 की तीव्रता हो तो इसमें भारी सामान और फर्नीचर भी हिलता हुआ दिखाई दे सकता है। 6 से 6.9 की तीव्रता हो तो ये तेज भूकंप है और इससे बिल्डिंग का बेस दरक सकता है। 7 से 7.9 की तीव्रता हो तो ये विनाशकारी साबित हो सकता है और इसमें बिल्डिंग गिर सकती है। 8 से 8.9 की तीव्रता हो तो इस भूकंप में सुनामी का खतरा होता है। 9 या ज्यादा की तीव्रता तो इसमें तबाही सबसे ज्यादा होती है।
भूकंप आए तो फौरन किसी खुली जगह की ओर निकलें या फिर किसी भारी सामान को पकड़कर बैठ जाए। जरा सी लापरवाही जान का जोखिम बन सकती है।
इससे पहले पेरू में 5.8 तीव्रता का भूकंप आया था।
