मिठाई कारोबारी से वसूली के आरोप में पकड़े गए रिटायर्ड एसडीएम राजीव उपाध्याय को पुलिस ने बीमारी का हवाला देकर थाने से ही जमानत दे दी, जबकि उसके तीन साथियों को जेल भेज दिया गया। चारों रामनगर में खुद को खाद्य विभाग का अधिकारी बताकर मिठाई कारोबारी से 10 हजार रुपये मांगने पहुंचे थे। आरोप है कि उन्होंने कारोबारी से दो हजार रुपये वसूल भी लिए थे। मामले की जांच के दौरान पता चला कि गिरोह में शामिल राजीव उपाध्याय तहसीलदार नहीं, बल्कि एसडीएम पद से सेवानिवृत्त है। पुलिस अब गिरोह के पुराने मामलों और अन्य लोगों से वसूली किए जाने की आशंका की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, राजीव उपाध्याय किडनी की गंभीर बीमारी से पीड़ित है और उसकी नियमित डायलिसिस होती है। इसी आधार पर उसे थाने से जमानत दी गई। हालांकि, उसके खिलाफ दर्ज मुकदमे में उसका नाम शामिल है। पुलिस का कहना है कि अन्य शिकायतें मिलने पर उनके आधार पर भी कार्रवाई की जाएगी।
मंगलवार दोपहर रिटायर्ड एसडीएम राजीव उपाध्याय तीन अन्य लोगों के साथ रामनगर में मिठाई कारोबारी अजय कुमार गुप्ता की दुकान पर पहुंचा था। चारों सफेद रंग की अर्टिगा कार में सवार थे। कार पर हूटर-सायरन के साथ आगे और पीछे एसडीएम की प्लेट लगी थी। आरोप है कि चारों ने खुद को खाद्य विभाग का अधिकारी बताया और दुकान पर मिलावटी मिठाई बिकने की शिकायत मिलने की बात कहकर नमूना भरने की धमकी दी। इसके बाद दुकानदार से 10 हजार रुपये मांगे और दो हजार रुपये ले लिए। शक होने पर दुकानदार ने राहगीरों की मदद से चारों को कार समेत रोक लिया और पुलिस को सूचना दे दी।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकेश यादव निवासी झिंझरी मजरा मिलक थाना भमोरा, सुनीत कुमार उपाध्याय निवासी बीडीए कॉलोनी थाना सुभाषनगर, रजनेश निवासी गणेशनगर थाना सुभाषनगर और राजीव उपाध्याय निवासी सर्वोदय नगर बदायूं रोड थाना सुभाषनगर के खिलाफ धोखाधड़ी और अवैध वसूली समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वसूली के दो हजार रुपये, दो आधार कार्ड और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। घटना में इस्तेमाल कार को भी सीज कर दिया गया है।
गैंगस्टर समेत कई मुकदमे दर्ज हैं मुकेश पर
इंस्पेक्टर आंवला बीनू चौधरी के अनुसार, आरोपी मुकेश यादव का आपराधिक इतिहास भी है। उसके खिलाफ भमोरा और फरीदपुर थानों में हत्या के प्रयास, गैंगस्टर समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसके साथियों के आपराधिक इतिहास की भी पड़ताल कर रही है।
पुरानी तैनातियों के दौरान भी लगे थे आरोप
राजीव उपाध्याय के रामनगर में वसूली के आरोप में पकड़े जाने के बाद उनकी पुरानी तैनातियों से जुड़े विवाद भी चर्चा में आ गए हैं। आंवला में तहसीलदार न्यायिक के पद पर तैनाती के दौरान उन पर गड़बड़ी के आरोप लगने की बात सामने आई है। बाद में मुरादाबाद में एसडीएम रहने के दौरान भी उन पर आरोप लगे थे। आंवला तहसील बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों के अनुसार, उनकी वर्ष 2014 के आसपास यहां तैनाती रही थी। बाद में उन्हें तहसीलदार की जिम्मेदारी भी मिली। इसके बाद पदोन्नति पाकर एसडीएम बने और मिर्जापुर व मथुरा में भी तैनात रहे।
पुलिस खंगाल रही पुराना रिकॉर्ड
पुलिस अब राजीव उपाध्याय और उसके साथियों के पुराने रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही है। गिरोह ने खाद्य विभाग समेत दूसरे विभागों के अधिकारी बनकर अन्य लोगों को भी निशाना बनाया था या नहीं, इसका पता लगाया जा रहा है। राजीव की संपत्तियों और कथित वसूली नेटवर्क से जुड़े पहलुओं की जांच की बात भी सामने आई है।
