पीसीएस का बोर्ड, हूटर और अफसरों का रौब… दुकानों पर खाद्य अधिकारी बनकर पहुंचे आंवला के रिटायर्ड तहसीलदार

# ## Bareilly Zone

बरेली, । पीसीएस का बोर्ड लगी कार, हूटर की आवाज और अफसरों जैसा रौब… इसी पहचान के सहारे चार लोग मिठाई कारोबारी से वसूली करने पहुंच गए। खुद को फूड इंस्पेक्टर बताकर मिलावटी मिठाई बेचने का आरोप लगाया और सैंपल भरने की धमकी देकर 10 हजार रुपये मांग लिए। कारोबारी ने दो हजार रुपये दिए, लेकिन आरोपियों की एक गलती ने उनका पूरा खेल बिगाड़ दिया। पिता के मोबाइल नंबर पर कॉल करने के दौरान ट्रूकॉलर पर पुलिस की वर्दी में फोटो दिखी तो कारोबारी को शक हो गया। शोर मचाने पर जुटी भीड़ ने रिटायर्ड तहसीलदार समेत चारों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

घटना मंगलवार दोपहर करीब दो बजे आंवला के रामनगर कस्बे में हुई। ओमप्रकाश स्वीट्स के संचालक अजय कुमार गुप्ता के मुताबिक, सफेद रंग की अर्टिगा कार से चार लोग उनकी दुकान पर पहुंचे थे। कार के आगे और पीछे पीसीएस का बोर्ड लगा था। तीन लोग दुकान पर आए और खुद को फूड इंस्पेक्टर बताकर मिठाई में मिलावट होने की बात कहने लगे। उन्होंने सैंपल भरने और कार्रवाई करने की धमकी दी। मामला रफा-दफा करने के नाम पर 10 हजार रुपये मांगे।

कारोबारी ने अपनी छोटी दुकानदारी का हवाला देते हुए उनसे काफी मिन्नतें कीं। इसके बाद दो हजार रुपये दे दिए। इसी बीच आरोपियों ने उनके पिता का मोबाइल नंबर पूछा और उन्हें भी फोन कर धमकाने की कोशिश की। कॉल के दौरान ट्रूकॉलर पर पुलिस की वर्दी में एक फोटो दिखाई दी। इससे अजय को उन लोगों पर शक हो गया।

उन्होंने आरोपियों से पूछताछ शुरू की तो वे घबराने लगे और वहां से निकलने की कोशिश करने लगे। इस पर अजय ने शोर मचा दिया। भीड़ जुटने पर चारों कार लेकर भागने लगे, लेकिन लोगों ने कुछ दूरी पर घेरकर उन्हें पकड़ लिया। बाद में उन्हें रामनगर चौकी ले जाकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

पुलिस ने आरोपियों की कार से एक लाइसेंसी रिवॉल्वर, कई कारतूस और पुलिस की एक पीकैप बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, घटना के समय चारों आरोपी नशे की हालत में थे। मामले में अजय कुमार गुप्ता की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।

रिटायरमेंट के बाद भी नहीं छूटा अफसरी का रौब

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में बदायूं रोड स्थित पायल्स सर्वोदय नगर निवासी राजीव उपाध्याय, भमोरा के झिंझरी मजरा मिलक निवासी मुकेश यादव और सुभाषनगर क्षेत्र के दो अन्य लोग शामिल हैं। इनमें एक आरोपी बीडीए कॉलोनी और दूसरा गणेशनगर का निवासी बताया गया है। पुलिस के अनुसार, राजीव उपाध्याय आंवला में तहसीलदार रह चुके हैं और यहीं से सेवानिवृत्त हुए थे। उनकी उम्र 70 वर्ष से अधिक है। पुलिस का कहना है कि अन्य आरोपी उन्हें कार में साथ लेकर वसूली के लिए निकले थे।

आंवला में पहले भी सामने आ चुके हैं फर्जी अफसर

आंवला क्षेत्र में फर्जी अधिकारी बनकर वसूली के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। इससे पहले पुलिस और बिजली विभाग की संयुक्त टीम ने घरों में मीटर चेकिंग और सीलिंग के नाम पर वसूली करने वाले तीन लोगों को पकड़ा था। एसओजी का सदस्य बताकर ब्लैकमेल करने और 1.45 लाख रुपये वसूलने का मामला भी सामने आया था। बिशारतगंज में फर्जी मुकदमे की धमकी देकर तीन लाख रुपये मांगने का मामला सामने आया था। इसके अलावा पेट्रोल पंपों से फर्जी अधिकारी बनकर वसूली की शिकायतें भी सामने आ चुकी हैं।