27 दिन तक तलाशती रह गई पुलिस, खेत में मिला युवती का कंकाल, पिता का आरोप- समय रहते कार्रवाई करती पुलिस तो जिंदा होती बेटी

# ## Lucknow

 बाराबंकी में रामनगर क्षेत्र में 27 दिन से लापता 18 वर्षीय युवती की तलाश का अंत धान के खेत में मिले कंकाल के रूप में हुआ। कल देर शाम खेत में कई टुकड़ों में मिले कंकाल के अवशेष और पास पड़े कपड़ों व चप्पलों से पिता ने बेटी की पहचान की। इस घटना ने पुलिस की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पिता का आरोप है कि उन्होंने गांव के ही दो लोगों पर बेटी के साथ गैंगरेप कर हत्या करने का शक जताया था, लेकिन पुलिस ने समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की। उनका कहना है कि पुलिस ने तत्परता दिखाई होती तो आज उनकी बेटी जिंदा होती।

जानकारी के मुताबिक भैसुरिया मजरे सुल्तानपुर निवासी युवती 16 अक्टूबर को घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद पिता ने 17 अक्टूबर को रामनगर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। घर से 15 हजार रुपये और सोने के जेवर भी गायब थे। पिता ने कुछ लोगों पर संदेह जताया था। पुलिस ने संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की, लेकिन बाद में उन्हें छोड़ दिया गया।

कल देर शाम फतेहुल्लापुर गांव में अमर सिंह के धान के खेत में बच्चों और बकरी चराने गए चरवाहों ने कंकाल के टुकड़े पड़े देखे। खेत आबादी से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर और एक सरकारी विद्यालय से लगभग 200 मीटर की दूरी पर है। कंकाल के अवशेष करीब 200 मीटर के दायरे में अलग-अलग स्थानों पर मिले। पास में कपड़े और चप्पल भी पड़ी थीं। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मौके पर पहुंचे पिता ने काले लोअर समेत अन्य कपड़ों के आधार पर कंकाल की पहचान अपनी बेटी के रूप में की। सूचना पर क्षेत्राधिकारी गरिमा पंत और रामनगर कोतवाली प्रभारी अरुण प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। बाद में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी विवेक तिवारी फॉरेंसिक और सर्विलांस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कंकाल के अवशेष कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिए हैं। पहचान की पुष्टि के लिए डीएनए जांच भी कराई जाएगी।

कोतवाली प्रभारी अरुण प्रताप सिंह के मुताबिक, कंकाल के टुकड़े करीब 200 मीटर के दायरे में अलग-अलग स्थानों पर मिले हैं। आशंका है कि जंगली जानवर उन्हें खींचकर इधर-उधर ले गए हों। वहीं, परिजनों ने युवती की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा। एसपी रवीना त्यागी ने मामले की जांच के लिए क्राइम ब्रांच समेत तीन पुलिस टीमों का गठन किया है। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है। साथ ही युवती के लापता होने से लेकर कंकाल मिलने तक की घटनाओं और सभी संदिग्ध पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। एएसपी उत्तरी विवेक तिवारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।