- भाजपा महानगर कार्यालय में विधि-विधान से हुआ मां लक्ष्मी और भगवान गणेश का पूजन
लखनऊ। दीपावली के पावन अवसर पर कैसरबाग स्थित भाजपा लखनऊ महानगर कार्यालय में मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश महामंत्री संजय राय, भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी और रक्षामंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह के प्रतिनिधि दिवाकर त्रिपाठी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन किया और आरती उतारी। महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने कहा कि दीपावली का पर्व अंधकार से प्रकाश, निराशा से आशा और असत्य से सत्य की ओर बढ़ने की प्रेरणा देता है। यह पर्व भारतीय संस्कृति, आस्था और सनातन परंपराओं का प्रतीक है। उन्होंने मां लक्ष्मी और भगवान गणेश से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
