- उपराज्यपाल प्रो. दिनेश शर्मा ने ग्रेट निकोबार परियोजना, समुद्री व्यापार और पर्यावरण संरक्षण पर रखे विचार
लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के वाणिज्य विभाग की ओर से 10 नवंबर 2026 को प्रो. एस.बी. सिंह सभागार में अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में पर्यटन विकास एवं आर्थिक संभावनाओं पर विशेष परिचर्चा आयोजित की गई। इसमें द्वीप समूह के उपराज्यपाल प्रो. (डॉ.) दिनेश शर्मा मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना से हुआ। विभागाध्यक्ष प्रो. अवधेश कुमार ने उपराज्यपाल और कुलपति का स्वागत किया।
- परिवहन और आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने पर जोर
प्रो. अवधेश कुमार ने कहा कि पर्यटन विकास के लिए परिवहन अवसंरचना, उड़ान योजना के तहत हवाई संपर्क और अंतर-द्वीपीय परिवहन सुविधाओं को मजबूत करना जरूरी है। कुलपति ने अयोध्या, वाराणसी और मथुरा का उदाहरण देते हुए अंडमान-निकोबार में धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने का सुझाव दिया।
- सेल्यूलर जेल को बताया स्वतंत्रता का तीर्थस्थल
अपने संबोधन में प्रो. दिनेश शर्मा ने लखनऊ विश्वविद्यालय से अपने पुराने जुड़ाव को याद किया। उन्होंने सेल्यूलर जेल को स्वतंत्रता का तीर्थस्थल बताते हुए वीर सावरकर और बाबाराव सावरकर के बलिदान को नमन किया। उन्होंने बंदरगाह, हवाई अड्डे और नगर अवसंरचना के विस्तार तथा आसियान देशों के साथ व्यापारिक सहयोग की संभावनाएं बताईं। द्वीपों को उदयपुर की तर्ज पर प्रमुख विवाह पर्यटन केंद्र बनाने की परिकल्पना भी रखी।
- ग्रेट निकोबार परियोजना और पर्यावरण संरक्षण पर चर्चा
परिचर्चा में ग्रेट निकोबार परियोजना, समुद्री व्यापार, मत्स्य पालन, नारियल, सुपारी और सौर ऊर्जा के विकास पर चर्चा हुई। विशेषज्ञों ने शोम्पेन एवं निकोबारी जनजातियों की संस्कृति, वन्यजीवों और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। कार्यक्रम में वाणिज्य संकाय के शिक्षकगण और शोधार्थी उपस्थित रहे।
