मतदान नहीं करेंगे तो लोकतंत्र और नीति-निर्माण में आपकी आवाज कमजोर होगी : डॉ. राजेश्वर सिंह

Lucknow
  • 100 से अधिक आरडब्ल्यूए अध्यक्षों और प्रतिनिधियों के साथ बैठक में मतदान प्रतिशत बढ़ाने की अपील, सभी 150 आरडब्ल्यूए को स्पोर्ट्स किट देने की घोषणा

लखनऊ। सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने शहरी मतदाताओं से लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए मतदान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उनके द्वारा आयोजित बैठक में 100 से अधिक आरडब्ल्यूए अध्यक्षों एवं प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मतदान से दूरी बनाने का अर्थ लोकतंत्र और नीति-निर्माण में अपनी आवाज कमजोर करना है।

  • सभी 150 आरडब्ल्यूए को मिलेगी स्पोर्ट्स किट

डॉ. सिंह ने क्षेत्र की सभी 150 आरडब्ल्यूए को स्पोर्ट्स किट उपलब्ध कराने की घोषणा की। साथ ही प्रत्येक आरडब्ल्यूए में ओपन जिम, लाइब्रेरी और सौर ऊर्जा परियोजनाओं को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने वर्षा जल संचयन और सोसाइटियों में सोलर पैनल लगाने का भी आह्वान किया। अगले वर्ष अंतर-आरडब्ल्यूए खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करने की घोषणा भी की।

  • मतदान से तय होती है नीतियों में भागीदारी

उन्होंने कहा कि शहरी मतदाताओं को पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण, शहरी विकास, रक्षा, विदेश नीति और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विषयों पर अपनी लोकतांत्रिक भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। बजट और नीतियों में हर क्षेत्र की आवाज पहुंचना जरूरी है।

  • हर सोसाइटी में बनेगी ‘I Voted’ सेल्फी वॉल

डॉ. सिंह ने आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों से सोसाइटियों में ‘I Voted’ सेल्फी वॉल लगाने और निवासियों को मतदान के लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने भारत में सार्वभौमिक वयस्क मताधिकार की ऐतिहासिक व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक को मिले मतदान के अधिकार का सम्मान करना हमारा कर्तव्य है। उन्होंने मतदान दिवस को छुट्टी नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक जिम्मेदारी निभाने का दिन बनाने का आह्वान किया।