- लखनऊ के यातायात जाम का स्थायी समाधान SCR के सुनियोजित विस्तार में: डॉ. राजेश्वर सिंह
- मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर दिए पांच महत्वपूर्ण सुझाव, नए रोजगार केंद्रों और एकीकृत क्षेत्रीय परिवहन नेटवर्क विकसित करने पर जोर
लखनऊ। स्वच्छता और टिकाऊ विकास के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल कर रहा लखनऊ अब यातायात जाम की चुनौती से निपटने की दिशा में भी बड़ा बदलाव कर सकता है। सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर राज्य राजधानी क्षेत्र (SCR) के सुनियोजित विस्तार को यातायात समस्या का स्थायी समाधान बताया है।
- स्वच्छ वायु और सौर ऊर्जा में लखनऊ अव्वल
डॉ. सिंह ने कहा कि स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2026 में लखनऊ ने 200 में से 198 अंक हासिल कर दस लाख से अधिक आबादी वाले शहरों में पहला स्थान प्राप्त किया है। वर्ष 2017-18 के बाद PM10 स्तर में 46.64 प्रतिशत की कमी आई है। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत 1.6 लाख से अधिक रूफटॉप सोलर संयंत्र भी स्थापित हुए हैं।
- 32.5 लाख वाहनों से बढ़ा दबाव
उन्होंने बताया कि शहर में लगभग 32.5 लाख पंजीकृत वाहन और 1.33 लाख ई-रिक्शा संचालित हैं। प्रतिवर्ष 1.2 से 1.5 लाख नए वाहन जुड़ रहे हैं। शाम पांच से आठ बजे तक प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति गंभीर हो जाती है।
- छह जिलों के विकास की एकीकृत योजना का सुझाव
डॉ. सिंह ने SCR के छह जिलों में नए रोजगार एवं व्यावसायिक केंद्र विकसित करने, किसान पथ से आगे सरकारी कार्यालय स्थानांतरित करने तथा रेल और समर्पित बस कॉरिडोर बनाने का सुझाव दिया। उन्होंने भूमि उपयोग और परिवहन की संयुक्त योजना के लिए जवाबदेह प्राधिकरण बनाने पर भी जोर दिया।
