CRIME: कन्नौज में पति ने पत्नी को कुर्सी से बांध पेट्रोल डाला और जलाकर मार डाला, वीडियो में देखें दिल दहला देने वाली वारदात

# ## UP

 उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले से एक बेहद सनसनीखेज और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के सिकंदरपुर चौकी अंतर्गत जगतपुर गांव में प्रेम प्रसंग को लेकर हुए विवाद के बाद एक पति ने अपनी ही पत्नी पर पेट्रोल डालकर उसे जिंदा जला दिया। आग की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलसी महिला की दर्दनाक मौत हो गई है। घटना के बाद से आरोपी पति मौके से फरार है।

पुलिस चौकी में समझौते के बाद शुरू हुआ विवाद

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका का गांव के ही एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था और वह अपने पति को छोड़कर प्रेमी के साथ जाने की जिद पर अड़ी हुई थी। इसी विवाद को लेकर करीब दो दिन पहले सिकंदरपुर पुलिस चौकी में दोनों पक्षों के बीच पंचायत बुलाई गई थी। लंबी बातचीत और पुलिस के समझाने के बाद महिला अपने प्रेमी को छोड़कर पति के साथ रहने के लिए राजी हो गई थी।बताया जा रहा है कि समझौते के उसी दिन शाम को प्रेमी ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया था, जिसे गंभीर हालत में क्लीनिक में भर्ती कराया गया, जहां समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच गई। इस घटना के अगले दिन पति और पत्नी के बीच प्रेम प्रसंग को लेकर फिर से तीखा विवाद हुआ, जिसके बाद गुस्से में आकर पति ने इस खौफनाक कदम को अंजाम दिया।

पेट्रोल डालकर लगाई आग, पुलिस कर रही सभी पहलुओं की जांच

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पति ने घर के अंदर ही पत्नी पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हुए और आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक महिला बुरी तरह झुलस चुकी थी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पंचायत में हुए समझौते, प्रेमी के जहर खाने की घटना और हत्या के तमाम पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है, तथा फरार आरोपी पति की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है।