Barabanki News: देवा मेले में जावेद अली के सुरों ने बांधा समां, बॉलीवुड गीतों पर देर रात तक झूमे दर्शक

# ## Lucknow

ऐतिहासिक देवा मेला एवं प्रदर्शनी की सांस्कृतिक संध्या बुधवार को मशहूर बॉलीवुड गायक जावेद अली के नाम रही। मेगा नाइट में उनकी सुरीली आवाज और एक से बढ़कर एक लोकप्रिय गीतों ने ऐसा समां बांधा कि पूरा पंडाल देर रात तक तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा। रोमांटिक नगमों से लेकर सूफियाना गीतों तक हर प्रस्तुति पर दर्शक झूमते और उनके साथ सुर मिलाते नजर आए।

मंच पर जावेद अली के पहुंचते ही दर्शकों ने जोरदार तालियों से उनका स्वागत किया। उन्होंने अपनी गायकी का आगाज ‘मेरी अधूरी प्यास-प्यास’ गीत से किया। इसके बाद फिल्म ‘जोधा अकबर’ का लोकप्रिय गीत ‘कहने को जश्न-ए-बहारां है’ सुनाकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। ‘तू जो मिला तो हो गया सब हासिल’ और ‘अभी अभी न जाओ छोड़कर कि दिल अभी भरा नहीं है’ जैसे गीतों पर भी खूब वाहवाही मिली।

‘कुन फाया कुन’ और ‘अर्जियां’ ने बांधा समां

इसके बाद जावेद अली ने फिल्म ‘रॉकस्टार’ का ‘कुन फाया कुन’, ‘गजनी’ का ‘गुजारिश’, ‘दिल्ली-6’ का ‘अर्जियां’, ‘इश्कजादे’ का शीर्षक गीत और ‘मर्डर-2’ का ‘तू ही हकीकत’ सुनाकर माहौल को संगीतमय बना दिया। वहीं फिल्म ‘पुष्पा’ का ‘श्रीवल्ली’, ‘नगाड़ा’, ‘तेरा दीदार हुआ’ और फिल्म ‘रांझणा’ का ‘तुम तक’ जैसे चर्चित गीतों ने दर्शकों का उत्साह और बढ़ा दिया।

जावेद अली की बुलंद आवाज, सुरों पर मजबूत पकड़ और गीतों की भावपूर्ण प्रस्तुति ने हर किसी को प्रभावित किया। खासकर रोमांटिक और सूफियाना गीतों पर दर्शकों ने तालियों के साथ उनका उत्साह बढ़ाया। कई गीतों के दौरान श्रोता अपनी जगह पर झूमते और गुनगुनाते नजर आए। जैसे-जैसे कार्यक्रम आगे बढ़ा, दर्शकों का उत्साह भी परवान चढ़ता गया। उनकी शानदार प्रस्तुतियों ने मेगा नाइट को यादगार बना दिया।

संगीत दल की संगत ने बढ़ाया कार्यक्रम का आकर्षण

जावेद अली के साथ आए संगीत दल के कलाकारों ने भी अपनी शानदार संगत से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। मनीष कुलकर्णी ने बेस गिटार, मान्टू गोसावी ने ऑक्टोपैड, लतेश परब ने तबला एवं परक्यूशन, सचिन तायड़े ने फ्लूट, अमन देसाई ने की-बोर्ड-1, अश्विन रोकड़े ने की-बोर्ड-2, रोहन नाडकर्णी ने ड्रम और रौनी सातमकर ने लीड गिटार पर संगत की