जनगणना को लेकर बरेली में तैयारियां तेज हो गई हैं। 16 नवंबर से स्वगणना की प्रक्रिया शुरू होगी। इसके तहत लोग 30 नवंबर तक खुद अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर पहुंचकर जनगणना का कार्य करेंगे। मंगलवार को जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने तहसीलों, नगर निकायों, नगर निगम और कैंटोनमेंट बोर्ड में प्रगणकों व सुपरवाइजर के प्रशिक्षण की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि स्वगणना के दौरान लोग स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके लिए प्रगणक लोगों को जागरूक करें। जो लोग स्वगणना नहीं कर पाएंगे, उनसे घर-घर पहुंचने वाले प्रगणक मैनुअल तरीके से जानकारी जुटाएंगे।
उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य में लगाए जाने वाले सभी प्रगणकों और सुपरवाइजर को फोटोयुक्त पहचान पत्र जारी किए जाएंगे, जिससे लोग उनकी पहचान कर सकें। जनगणना के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का भी सहयोग लिया जाएगा। नगर निकायों में कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों से जिंगल बजवाकर प्रचार कराया जाएगा, जबकि गांवों में मुनादी कराई जाएगी।
लोगों की सहायता के लिए ग्राम पंचायत सचिवालयों में हेल्प डेस्क भी स्थापित की जाएंगी। बैठक में सीडीओ देवयानी, नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व संतोष कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
