Sultanpur News: रोंगटे खड़े करने वाला हादसा, ट्रक के नीचे फंसा बाइक सवार… ड्राइवर ने 500 मीटर तक घिसटा

# ## Lucknow

सुलतानपुरः सुलतानपुर जिले में कोतवाली देहात क्षेत्र के प्रयागराज-अयोध्या राजमार्ग पर स्थित लोहरामऊ ओवरब्रिज पर एक ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मोटरसाइकिल सवार ट्रक के नीचे फंस गया और करीब 500 मीटर तक घसीटता चला गया। दुर्घटना में उसकी मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि मृतक का शरीर क्षत-विक्षत हो गया। इस घटना को देखकर वहां मौजूद लोग दहशत में आ गये।

कोतवाली देहात के थाना प्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान छतौना गांव निवासी नन्हे खान (45) के रूप में हुई है। वह पेशे से गाड़ियों का डेंटिंग का काम करता था। पुलिस ने शव के अवशेष एकत्र कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, नन्हे खान सोमवार रात दुकान बंद करने के बाद मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। लोहरामऊ ओवरब्रिज पर चढ़ते समय तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद नन्हे खान और उनकी मोटरसाइकिल ट्रक के नीचे फंस गई। खान अपनी मोटरसाइकिल के साथ करीब 500 मीटर तक घसीटते चले गए। इस दौरान उनका शरीर क्षत-विक्षत हो गया और उसके अवशेष सड़क पर बिखर गए। सिर, हाथ, सीने और पेट पर गंभीर चोट के कारण शव की पहचान करने में पुलिस को समय लगा। बाद में वाहन के नंबर के आधार पर मृतक की पहचान की गई।