Bareilly News: 20 नवंबर से रामगंगा तट पर जुटेंगे श्रद्धालु, चौबारी मेले के प्रबंधन के लिए 12 तक आवेदन

# ## Bareilly Zone

 रामगंगा के तट पर लगने वाले चौबारी कार्तिक मेले की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस बार 20 से 28 नवंबर तक नौ दिवसीय मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में रामगंगा स्नान, धार्मिक अनुष्ठानों के साथ ग्रामीण संस्कृति और मनोरंजन का संगम देखने को मिलेगा। आयोजन को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने प्रबंध समिति के गठन की कवायद तेज कर दी है। समिति में शामिल होकर मेले के संचालन और व्यवस्थाओं में भागीदारी करने के इच्छुक लोगों से आवेदन मांगे गए हैं।

एसडीएम सदर इशिता किशोर के अनुसार, श्रीरामगंगा चौबारी कार्तिक मेले के प्रबंधन में भागीदारी करने के इच्छुक लोग 12 नवंबर को दोपहर 12 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि गठित होने वाली प्रबंध समिति को मेले से संबंधित समस्त धनराशि तत्काल जमा करनी होगी।हर साल चौबारी मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और ग्रामीण पहुंचते हैं। कार्तिक मास में रामगंगा में स्नान और धार्मिक अनुष्ठानों के लिए दूर-दराज से लोग आते हैं। इसके अलावा मेले में लगने वाली दुकानें, खरीदारी और मनोरंजन के साधन भी लोगों को आकर्षित करते हैं। आयोजन की तैयारियों के बीच प्रशासन समिति के गठन की प्रक्रिया पूरी करने में जुटा है। आवेदन और समिति गठन से संबंधित जानकारी के लिए इच्छुक लोग कार्यदिवस में नायब तहसीलदार चौबारी, तहसीलदार सदर या एसडीएम सदर कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।