- 30 लाख के 50 बंडल तार, 69 हजार रुपये नकद और दो कार बरामद, पुलिस टीम को 25 हजार का पुरस्कार
लखनऊ। सरोजनीनगर पुलिस और दक्षिणी जोन की सर्विलांस टीम ने दरोगाखेड़ा स्थित निर्माणाधीन उदा देवी महिला बटालियन परिसर से बिजली के तार लूटने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 30 लाख रुपये कीमत के 50 बंडल बिजली के तार, 69 हजार रुपये नकद और घटना में इस्तेमाल दो कारें बरामद की हैं। दोनों वाहनों की अनुमानित कीमत 15 लाख रुपये बताई गई है।
- सुरक्षा गार्ड को बंधक बनाकर दिया था वारदात को अंजाम
पुलिस के मुताबिक, 26 अक्टूबर की रात बदमाशों ने निर्माणाधीन परिसर के स्टोर रूम का ताला तोड़कर बिजली के तार के 50 कार्टून लूट लिए थे। इस दौरान सुरक्षा गार्ड और उसके साथी को भयभीत कर बंधक बनाया गया तथा बंदूक भी छीन ली गई थी। मामले में विकास अवस्थी की तहरीर पर सरोजनीनगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
- 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से मिला सुराग
घटना के खुलासे के लिए पुलिस की छह टीमें गठित की गई थीं। पुलिस ने करीब 120 से 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों तथा मुखबिरों की मदद से छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान आगरा निवासी मनीष सिंह, राहुल सिंह, अतुल सिंह और कुलदीप सिंह तथा गाजियाबाद निवासी वकील और महताब के रूप में हुई है।
- निर्माणाधीन भवनों की रेकी कर बनाते थे निशाना
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गिरोह के सदस्य अलग-अलग जिलों में निर्माण कार्यों में बिजली, तकनीकी और मजदूरी का काम करते थे। इसी दौरान वे निर्माणाधीन भवनों और बंद मकानों की रेकी कर वारदात की योजना बनाते थे। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने दो कारों से दरोगाखेड़ा पहुंचकर सुरक्षा गार्डों को बंधक बनाया और तार लूटकर फरार हो गए थे। चोरी का माल एक खंडहर में छिपाकर रखा गया था।
- गोसाईगंज की वारदात का भी हुआ खुलासा
पुलिस के अनुसार, गिरोह ने सरोजनीनगर के अलावा गोसाईगंज और सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र में भी बिजली के तार चोरी करने की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से हुंडई ऑरा और वैगनआर कार बरामद हुई हैं। पुलिस ने गोसाईगंज थाने में दर्ज एक अन्य मामले का भी खुलासा किया है। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
- कई आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में मनीष सिंह के विरुद्ध पांच, वकील के विरुद्ध दो तथा राहुल, अतुल, महताब और कुलदीप के विरुद्ध भी विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया है।
- पुलिस टीम को मिला 25 हजार रुपये का पुरस्कार
इस कार्रवाई में पुलिस उपायुक्त दक्षिणी मो. मुश्ताक के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त रल्लापल्ली वसंथ कुमार के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त कृष्णानगर लक्ष्मण वर्मा के मार्गदर्शन में सरोजनीनगर थाना प्रभारी राजदेव राम प्रजापति के नेतृत्व वाली पुलिस टीम और दक्षिणी जोन की सर्विलांस टीम शामिल रही। घटना का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को प्रशस्ति पत्र और 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
