- नितेश मौर्य हत्याकांड: न्याय की मांग को लेकर परिजनों ने जासमंडा चौराहे पर लगाया जाम, आरोपियों की संपत्ति कुर्क करने की मांग
सीतापुर। नितेश कुमार मौर्य हत्याकांड को लेकर परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। हत्या के विरोध में परिजनों ने जासमंडा चौराहे पर प्रदर्शन करते हुए जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने और उनकी संपत्ति कुर्क करने की मांग उठाई। परिजनों का कहना है कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलता, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।
- बहन के घर से लौटते समय हुआ था अपहरण
जानकारी के मुताबिक, सरैया महिपत सिंह गांव निवासी 24 वर्षीय नितेश मौर्य 28 अक्टूबर को अपनी बहन के घर कोटवाधाम गया था। अगले दिन लौटते समय बाराबंकी के बड्डूपुर क्षेत्र में उसकी बाइक लावारिस हालत में मिली थी। परिजनों ने अपहरण की आशंका जताई थी।
आरोप है कि नितेश को लखीमपुर खीरी के मैगलगंज क्षेत्र में ले जाकर धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया गया। गंभीर रूप से घायल नितेश किसी तरह सीतापुर के पिसावां क्षेत्र स्थित पन्नू ढाबे तक पहुंचा। बोलने में असमर्थ होने पर उसने कागज पर अपना दर्द लिखकर मदद मांगी। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
- चार लोगों के खिलाफ मुकदमा, पांच संदिग्ध हिरासत में
मृतक के पिता की शिकायत पर मनोज मौर्य, विपिन, अंकित गुप्ता और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। 31 अक्टूबर की प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर छह चोटें मिलने की बात भी सामने आई है। पुलिस आर्थिक लेनदेन और कारोबारी रंजिश सहित विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।
- कौशल यादव संवाददाता सीतापुर
