सड़क के गड्ढे से बचने की कोशिश में बाइक कुत्ते से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार युवक और उसके साथ मौजूद 15 वर्षीय किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचाया। युवक को बेहतर उपचार के लिए बरेली ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
हादसा थाना मूसाझाग क्षेत्र में गुलड़िया बगिया पेट्रोल पंप और किसरुआ के बीच हुआ। कंडेला निवासी अभिषेक शर्मा पुत्र राधाकृष्ण और किशोरी राधिका हादसे में घायल हो गए। सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। युवक की हालत गंभीर होने पर परिजन उसे बेहतर उपचार के लिए बरेली ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजन में चीख-पुकार मच गई। मृतक की पत्नी रूबी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के अनुसार, अभिषेक बैंक में फील्ड ऑफिसर के पद पर कार्यरत थे। परिवार को हादसे की खबर से गहरा सदमा लगा है। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि हादसे में युवक की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।
