Bareilly News: वोटर लिस्ट बनी मजाक, एक महिला के तीन जगह नाम

# ## Bareilly Zone

 पीलीभीत में मतदाता सूची में गड़बड़ियों के आरोपों के बाद अब बरेली में भी स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) के तहत जारी वोटर लिस्ट पर सवाल उठे हैं। समाजवादी पार्टी ने कैंट विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में एक ही महिला का नाम तीन जगह दर्ज होने समेत कई विसंगतियों का आरोप लगाया है। पार्टी ने इन गड़बड़ियों की जांच कराने की मांग की है।

सपा के महानगर उपाध्यक्ष सैम्युल खान ने कैंट विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची का हवाला देते हुए बताया कि बूथ संख्या 81 पर अनीता देवी का नाम अलग-अलग एपिक नंबर के साथ तीन स्थानों पर दर्ज है, जबकि तीनों जगह फोटो एक ही है। इसी तरह मनीषा का नाम दो स्थानों पर दर्ज होने का दावा किया गया है। मुन्नी देवी और कांति के नाम के सामने लिंग वाले कॉलम में पुरुष दर्ज है। कुछ मतदाताओं के पिता के नाम की जगह नामालूम लिखा होने और मकान नंबर के कॉलम में रत्नाकर व दिलीप जैसे नाम दर्ज होने पर भी सवाल उठाए गए हैं।

सपा का आरोप है कि एक ओर लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी के नाम पर पार्टी समर्थकों के वोट काटे जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर मतदाता सूची में इस तरह की विसंगतियां बनी हुई हैं। पार्टी ने कैंट विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं की संख्या में आए अंतर को भी मुद्दा बनाया है। सपा के अनुसार, जनवरी की ड्राफ्ट सूची में 1,34,000 वोट कटने की बात सामने आई थी, जबकि 10 अप्रैल की अंतिम सूची में यह संख्या घटकर 99,389 रह गई। करीब 35 हजार वोटों के इस अंतर पर सवाल उठाते हुए पार्टी ने भाजपा विधायक की ओर से जमा कराए गए फॉर्म नंबर छह की जांच कराने की मांग की है।