कानपुर: गुजैनी थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कर्नाटक से भाड़ा लेकर लौट रहे कंटेनर मालिक की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। चालक ने परिजनों को फोन करके तबीयत खराब होने और हार्ट अटैक आने की बात कही, और शुक्रवार देर रात शव घर के दरवाजे पर छोड़कर फरार हो गया। शनिवार को जब परिजन अंतिम संस्कार के लिए भैरवघाट पहुंचे, तो शरीर पर चोट के निशान देखकर उनके होश उड़ गए। परिजनों के हंगामे और पुलिस जांच के बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट से गला दबाकर हत्या की पुष्टि हो चुकी है।
बर्रा निवासी 42 वर्षीय रघुनंदन सिंह उर्फ अर्जुन किराए पर कंटेनर चलवाते थे। उनके परिवार में पत्नी जूली, बेटी मुस्कान, बेटा आदर्श और दो भाई बृजेंद्र व राजेंद्र सिंह हैं। भाई बृजेंद्र ने बताया कि रघुनंदन गत 17 अक्टूबर को भाड़ा लेकर कर्नाटक के लिए निकले थे, और उनके साथ चालक विकास साहनी भी गया था।
जान का खतरा बताकर काटा था फोन
परिजनों के मुताबिक, घर से निकलने के पांच दिन बाद यानी 22 अक्टूबर को रघुनंदन का फोन आया था। उन्होंने अपनी जान का खतरा बताते हुए बचाने की गुहार लगाई थी। इसके बाद अचानक फोन कट गया। कुछ देर बाद चालक विकास ने परिवार को फोन कर बताया कि रघुनंदन की तबीयत खराब है और उन्हें हार्ट अटैक आया है। वह उन्हें अस्पताल ले जा रहा है। जब परिजनों ने अस्पताल का नाम और पता पूछा, तो चालक ने आने से मना कर दिया और कहा कि वह सीधा कानपुर लेकर आ रहा है, और फिर फोन काट दिया। इसके बाद कई बार फोन करने पर भी चालक ने कॉल रिसीव नहीं की।
भैरवघाट पर खुला राज, शरीर पर मिले जख्म
शुक्रवार देर रात चालक विकास कंटेनर मालिक रघुनंदन का शव उनके घर के बाहर छोड़कर भाग निकला। उस समय परिजनों को यही बताया गया था कि उनकी मौत हार्ट अटैक से हुई है। शनिवार दोपहर जब परिजन अंतिम संस्कार के लिए भैरवघाट पहुंचे, तो कफन हटाकर देखने पर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। रघुनंदन के गले और पीठ पर गंभीर चोटों के निशान थे। हार्ट अटैक से मौत होने की बात और शरीर पर मारपीट के गहरे जख्मों को देखकर परिवार ने अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया और शव लेकर सीधे गुजैनी थाने पहुंचे।
पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट
सूचना मिलते ही गुजैनी थाना प्रभारी राजन शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हो गई है। पुलिस अब फरार चालक विकास साहनी की तलाश कर रही है और मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है।
