Bareilly News: एक नवंबर को बरेली पहुंचेंगे पंकज चौधरी, भाजपा ने कसी कमर, सर्किट हाउस में बनी रणनीति

# ## Bareilly Zone

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की एक नवंबर को प्रस्तावित जनसभा को सफल बनाने के लिए पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सर्किट हाउस में पार्टी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की बैठक हुई। इसमें जनसभा की व्यवस्थाओं, तैयारियों और संगठनात्मक कार्ययोजना पर चर्चा की गई। नेताओं ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से जुटने का आह्वान किया।

लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में प्रस्तावित जनसभा हार्टमन कॉलेज के पास स्थित रामलीला मैदान में होगी। बैठक में कैबिनेट मंत्री और राज्यसभा सदस्य धर्मपाल सिंह ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष का बरेली आगमन कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का अवसर है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से जनसभा को सफल बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

बैठक में जनसभा की तैयारियों को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा हुई। पार्टी नेताओं ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं और संगठन के स्तर पर किए जाने वाले कार्यों की रूपरेखा पर विचार-विमर्श किया।

इस मौके पर मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना, सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, राज्यसभा सदस्य श्रुति गंगवार, एमएलसी बहोरन लाल मौर्य, कुंवर महाराज सिंह, जिला पंचायत की प्रशासक रश्मि पटेल, विधायक डॉ. एमपी आर्य, डॉ. राघवेंद्र शर्मा, ब्रज क्षेत्र के महामंत्री राजेश्वर पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष सोमपाल शर्मा और महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना सहित अन्य पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।