- महिला प्रो वॉलीबॉल लीग की खिलाड़ी नीलामी और ट्रॉफी अनावरण समारोह में बोले सरोजनीनगर विधायक— खेल अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम

लखनऊ। महिला सशक्तीकरण और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने की दिशा में महिला प्रो वॉलीबॉल लीग (WPVL) बेटियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और नई पहचान बनाने का मंच प्रदान कर रही है। लीग की खिलाड़ी नीलामी एवं ट्रॉफी अनावरण समारोह में सरोजनीनगर के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि महिला सशक्तीकरण का वास्तविक अर्थ बेटियों को आगे बढ़ने और अपनी क्षमता साबित करने के पर्याप्त अवसर देना है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी अपने परिश्रम, अनुशासन और समर्पण से समाज के सामने प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत करते हैं।
- खेल सिखाते हैं अनुशासन और टीम भावना
डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि खिलाड़ी समाज के श्रेष्ठ नागरिक होते हैं। खेल युवाओं में अनुशासन, धैर्य, नेतृत्व, टीम भावना और जिम्मेदारी विकसित करते हैं। खेल के मैदान में सफलता पाने के लिए व्यक्तिगत प्रतिभा के साथ साथियों पर भरोसा, निरंतर अभ्यास और चुनौतियों से उबरने का साहस भी जरूरी है। उन्होंने युवाओं से पढ़ाई के साथ खेलों को भी पर्याप्त समय देने का आह्वान किया।
- महिला वॉलीबॉल की ऐतिहासिक उपलब्धियों से लें प्रेरणा
वॉलीबॉल के इतिहास का उल्लेख करते हुए डॉ. सिंह ने बताया कि विलियम जी. मॉर्गन ने वर्ष 1895 में इस खेल की शुरुआत की थी और आज यह दुनिया भर में लोकप्रिय है। उन्होंने वर्ष 1964 के टोक्यो ओलंपिक में जापान की महिला वॉलीबॉल टीम की ऐतिहासिक सफलता का उदाहरण देते हुए कहा कि टीम ने सोवियत संघ को 3-0 से हराकर स्वर्ण पदक जीता था। यह उपलब्धि अनुशासन, कठिन परिश्रम और सामूहिक प्रयास की ताकत को दर्शाती है।
- महिला खिलाड़ियों को मिलेंगे आगे बढ़ने के नए अवसर
डॉ. राजेश्वर सिंह ने विश्वास जताया कि महिला प्रो वॉलीबॉल लीग देश की बेटियों को अपनी खेल प्रतिभा निखारने, आत्मविश्वास बढ़ाने और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के नए अवसर प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि महिला खिलाड़ियों को बेहतर मंच और प्रोत्साहन देना आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। समारोह में मेधज ग्रुप के चेयरमैन समीर त्रिपाठी, WPVL की संचालिका एवं उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य ऋतु शाही, WPVL के संचालक डॉ. बुख़रत अहमद, डॉ. आर.पी. सिंह, सूर्यांशी पांडेय और पूर्व पहलवान एवं लीग के ब्रांड एंबेसडर संग्राम सिंह सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। डॉ. सिंह ने कहा कि सशक्त महिलाएं, अनुशासित युवा और टीम भावना से प्रेरित समाज विकसित भारत की मजबूत नींव हैं।
