Sultanpur News: किराये पर दिए ट्रैक्टर-ट्रॉली बेचने का आरोप, चार किसानों ने दी तहरीर, दर्ज हुआ मुकदमा

# ## Lucknow

बल्दीराय क्षेत्र में एग्रीमेंट पर किराये के लिए दिए गए ट्रैक्टर और ट्रॉली को कथित तौर पर दूसरे लोगों के हाथ बेचने का मामला सामने आया है। चार किसानों ने दीपक शुक्ला समेत कुछ अन्य लोगों पर धोखाधड़ी कर उनके वाहन बेचने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। पीड़ितों ने किराया नहीं मिलने की बात भी कही है।

नरसिंहपुर गांव निवासी रवींद्र यादव के मुताबिक, उन्होंने सोनालिका कंपनी का ट्रैक्टर सात मई 2026 से सात मई 2027 तक एक वर्ष के लिए हलियापुर निवासी दीपक शुक्ला को 25 हजार रुपये प्रतिमाह किराये पर एग्रीमेंट के जरिए दिया था। आरोप है कि उन्हें अब तक किराया नहीं मिला और ट्रैक्टर भी दूसरे व्यक्ति को दे दिया गया।

इसी गांव के शिवराम यादव ने भी अपना स्वराज ट्रैक्टर 25 हजार रुपये मासिक किराये पर देने की बात कही है। बीही निदूरा निवासी घनश्याम ने प्रीत 955 ट्रैक्टर और एक ट्रॉली एग्रीमेंट पर देने की जानकारी दी है। वहीं, महली निवासी शांति देवी ने फार्मट्रैक ट्रैक्टर और ट्रॉली देने के बाद किराया नहीं मिलने तथा दोनों वाहन दूसरे लोगों को बेच दिए जाने का आरोप लगाया है।

शांति देवी के अनुसार, उनका ट्रैक्टर अमेठी जिले के अवनपुर निवासी कुलदीप सिंह के घर से मिल चुका है, जबकि ट्रॉली थौरी निवासी प्रदीप सिंह को बेचे जाने का आरोप है। शिकायतकर्ताओं ने राम कुमार वर्मा, चालक श्याम करन यादव और अनुराग तिवारी पर भी इस मामले में संलिप्त होने का आरोप लगाया है।

चारों शिकायतकर्ताओं ने पुलिस से मामले की जांच कर अपने वाहन वापस दिलाने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने प्रकरण में चार लोगो के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं मे मुकदमा दर्ज किया है। विवेचना उपनिरीक्षक महेंद्र कुमार राय को सौंपी गई है।