Pratapgarh Road Accident: दोस्त की बर्थडे पार्टी मना रहे इकलौते बेटे की मौत, स्कॉर्पियो की टक्कर से बुझ गया घर का चिराग

# ## UP

दोस्त की बर्थडे पार्टी में शामिल होने गए 30 वर्षीय युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर करेटी बाईपास के पास गुरुवार देर रात तेज रफ्तार काले रंग की स्कॉर्पियो ने युवक को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक को पुलिस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक अपने पिता का इकलौता बेटा था। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, कुंडा के हरनामगंज निवासी हरिओम केसरवानी (30), पुत्र पप्पू केसरवानी, गुरुवार देर रात अपने आधा दर्जन से अधिक साथियों के साथ करेटी बाईपास के पास हाईवे के नजदीक दोस्त की बर्थडे पार्टी मना रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आई एक अज्ञात काले रंग की स्कॉर्पियो ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में हरिओम गंभीर रूप से घायल हो गया।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

हादसे की सूचना मिलते ही कुंडा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल हरिओम को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही परिजनों और परिचितों में शोक छा गया। हरिओम की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

हाईवे पर लापरवाही करने वालों पर होगी कार्रवाई

क्षेत्राधिकारी कुंडा शिव नारायण वैस ने हादसे को बेहद दुखद बताया। उन्होंने हाईवे पर लापरवाही से रील बनाने और जोखिम भरी गतिविधियां करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। साथ ही लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और अपनी व दूसरों की जान जोखिम में न डालने की अपील की।

पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरवाकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन के संबंध में आगे की कार्रवाई की जा रही है।