लखनऊ। त्योहारों के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने वाराणसी और जम्मूतवी के बीच विशेष ट्रेन चलाने का फैसला किया है। दोनों दिशाओं में आरक्षित विशेष एक्सप्रेस ट्रेन एक-एक फेरा लगाएगी। खास बात यह है कि इस ट्रेन का ठहराव लखनऊ में भी होगा, जिससे राजधानी के यात्रियों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी।
विशेष ट्रेन में सामान्य, स्लीपर और वातानुकूलित श्रेणी के कुल 21 कोच लगाए जाएंगे। ट्रेन वाराणसी से 18 अक्टूबर और जम्मूतवी से 19 अक्टूबर को संचालित होगी।
18 अक्टूबर को वाराणसी से रवाना होगी ट्रेन
गाड़ी संख्या 04231 वाराणसी-जम्मूतवी विशेष एक्सप्रेस 18 अक्टूबर को वाराणसी से दोपहर 1:40 बजे रवाना होगी। ट्रेन 3:15 बजे जौनपुर जंक्शन, शाम 5:23 बजे अयोध्या धाम जंक्शन और 5:55 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी।
इसके बाद ट्रेन रात 9 बजे लखनऊ पहुंचेगी। लखनऊ से रवाना होने के बाद ट्रेन शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, सहारनपुर, अंबाला कैंट, लुधियाना, जालंधर कैंट और पठानकोट कैंट होते हुए अगले दिन दोपहर 3:20 बजे जम्मूतवी पहुंचेगी।
19 अक्टूबर को जम्मूतवी से वापसी
वापसी में गाड़ी संख्या 04232 जम्मूतवी-वाराणसी विशेष एक्सप्रेस 19 अक्टूबर को जम्मूतवी से शाम 5 बजे रवाना होगी। ट्रेन पठानकोट कैंट, जालंधर कैंट, लुधियाना, अंबाला कैंट, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली और शाहजहांपुर होते हुए अगले दिन सुबह 10:05 बजे लखनऊ पहुंचेगी।
लखनऊ से आगे रवाना होने के बाद ट्रेन दोपहर 1 बजे अयोध्या कैंट, 1:23 बजे अयोध्या धाम जंक्शन और दोपहर 3:40 बजे जौनपुर जंक्शन पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन शाम 5:40 बजे वाराणसी पहुंचेगी।
त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए इस विशेष ट्रेन के संचालन से वाराणसी, लखनऊ, अयोध्या समेत रास्ते के अन्य प्रमुख स्टेशनों से जम्मूतवी आने-जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।
