समाजवादी पार्टी के संस्थापक, देश के पूर्व रक्षा मंत्री और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की चौथी पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। भाजपा, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के नेताओं ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर उनके राजनीतिक योगदान और जनसेवा को याद किया। सपा सांसद और मुलायम सिंह यादव की बहू डिंपल यादव ने भी उन्हें नमन किया।
सीएम योगी और डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने दी श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर पोस्ट कर मुलायम सिंह यादव को उनकी पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा, “देश के पूर्व रक्षा मंत्री, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, ‘पद्म विभूषण’ मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि।”
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने एक्स पर लिखा, “समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि!”
पंकज चौधरी, जितिन प्रसाद और भूपेंद्र चौधरी ने किया नमन
उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी ने मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि देते हुए उनके जनहित से जुड़े योगदान को याद किया। उन्होंने लिखा कि जनहित के लिए उनका योगदान सदैव वंदनीय रहेगा।प्रदेश सरकार में मंत्री जितिन प्रसाद ने भी पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी। वहीं, कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने उन्हें शत-शत नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
सपा ने कहा- नेताजी अमर रहें
समाजवादी पार्टी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर मुलायम सिंह यादव की चौथी पुण्यतिथि पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। पार्टी ने उन्हें अपना संस्थापक, भारत का पूर्व रक्षा मंत्री और उत्तर प्रदेश का पूर्व मुख्यमंत्री बताते हुए सादर नमन किया। सपा ने पोस्ट के अंत में लिखा, “नेताजी अमर रहें।” सपा सांसद और मुलायम सिंह यादव की बहू डिंपल यादव ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने अपने संदेश में नेताजी को ‘धरतीपुत्र’ बताते हुए उनकी चौथी पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।
तनुज पुनिया ने बताया सामाजिक न्याय का पुरोधा
बाराबंकी से सांसद तनुज पुनिया ने मुलायम सिंह यादव को समाजवादी विचारधारा का पुरोधा और किसानों एवं वंचितों की आवाज बताया। उन्होंने कहा कि नेताजी का पूरा जीवन जनसेवा, सामाजिक न्याय और सामाजिक सौहार्द के लिए समर्पित रहा।
तनुज पुनिया ने अपने संदेश में कहा कि मुलायम सिंह यादव के विचार, संघर्ष और जनसेवा के प्रति समर्पण सदैव स्मरणीय रहेंगे। कांग्रेस ने भी एक्स पर पोस्ट कर उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री को उनकी पुण्यतिथि पर विनम्र श्रद्धांजलि दी।
मुलायम सिंह यादव उत्तर प्रदेश की राजनीति के प्रमुख नेताओं में शामिल रहे। समाजवादी पार्टी की स्थापना से लेकर प्रदेश की राजनीति और केंद्र सरकार में रक्षा मंत्री के रूप में उनकी भूमिका को याद करते हुए विभिन्न दलों के नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।
