सऊद खींचता रहा, चीखती रही लेडी टीचर निशात… CCTV में कैद हत्याकांड से पहले का खौफनाक मंजर

# ## UP

Lakhimpur Kheri News: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के शाहपुरा कोठी स्थित ‘चिल्ड्रेन एकेडमी स्कूल’ में महिला टीचर निशात फातिमा की नृशंस हत्या से ठीक पहले का खौफनाक और दिल दहला देने वाला CCTV फुटेज सामने आया है. इस वीडियो फुटेज ने न सिर्फ वारदात की भयावहता को बेनकाब किया है, बल्कि स्कूल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था और मौके पर मौजूद लोगों की संवेदनहीनता पर भी गहरे सवाल दाग दिए हैं.सामने आया CCTV वीडियो फुटेज इस पूरे केस की सबसे बड़ी और अहम कानूनी कड़ी बन गया है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि आरोपी सऊद अंसारी स्कूल परिसर के अंदर लेडी टीचर निशात फातिमा को जबरन और बेहद आक्रामक तरीके से पकड़कर पहली मंजिल की सीढ़ियों की तरफ खींचता हुआ ले जा रहा है. वीडियो में निशात फातिमा खुद को बचाने के लिए लगातार हाथ-पैर मारती और कड़ा विरोध करती हुई दिखाई दे रही हैं.

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जिस वक्त आरोपी शिक्षिका को घसीट रहा था, उस दौरान आसपास छात्र, अन्य शिक्षक और स्कूल के कर्मचारी मौजूद थे. लेकिन फुटेज में कोई भी व्यक्ति आरोपी को रोकने या शिक्षिका को छुड़ाने आगे आता नजर नहीं आ रहा.

पहली मंजिल पर गूंजी गोलियां, दोनों की मौत

CCTV में कैद इस खौफनाक ड्रामे के कुछ ही मिनटों बाद पहली मंजिल पर गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा स्कूल गूंज उठा. पुलिस जांच के मुताबिक, आरोपी सऊद अंसारी शिक्षिका को जबरन पहली मंजिल पर ले गया और तमंचे से निशात फातिमा को बेहद करीब से गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. इसके तुरंत बाद आरोपी ने उसी हथियार से खुद की कनपटी पर भी गोली चलाकर खुदकुशी कर ली.

एकतरफा प्यार, सिरफिरापन और परिजनों पर FIR

मामले में मृतका के भाई शादाब अख्तर ने पुलिस को लिखित तहरीर देकर मामले में गंभीर आरोप लगाए हैं. तहरीर के अनुसार, आरोपी सऊद अंसारी काफी लंबे समय से निशात फातिमा का पीछा कर रहा था, उन्हें परेशान कर रहा था और उन पर शादी करने का अनुचित दबाव बना रहा था.परिवार का कहना है कि उन्होंने कई बार सऊद को समझाया था और उसके माता-पिता से भी शिकायत की थी, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ. भाई की तहरीर के आधार पर लखीमपुर पुलिस ने आरोपी सऊद अंसारी के खिलाफ हत्या (BNS की धारा 103) और उसके माता-पिता के खिलाफ आपराधिक साजिश (BNS की धारा 61) के तहत मामला दर्ज कर लिया है.