- श्री माधव मंदिर में कृष्ण की बाल लीलाओं का मंचन, आधी रात जन्म पर गूंजेगी आतिशबाजी
लखनऊ। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर राजधानी के मंदिरों में शुक्रवार को श्रद्धा और भक्ति का उल्लास नजर आएगा। डालीगंज स्थित श्री माधव मंदिर में श्रीकृष्ण प्राकट्योत्सव भव्य रूप से मनाया जाएगा। मंदिर परिसर को श्रीराधा-माधव के फूलों से भव्य श्रृंगार के साथ सजाया गया है। इलेक्ट्रॉनिक झालरों और रंग-बिरंगे गुब्बारों से मंदिर की विशेष सजावट की गई है।
श्री माधव मंदिर में प्रीति जायसवाल ग्रुप की ओर से श्रीकृष्ण के जन्म से लेकर धर्म स्थापना तक की बाल लीलाओं का मंचन किया जाएगा। कलाकार भगवान श्रीकृष्ण के जन्म प्रसंग, बाल लीलाओं और जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण प्रसंगों को मंच पर जीवंत करेंगे। आयोजन को ब्रज की तर्ज पर आनंद उत्सव के रूप में मनाया जाएगा।
आयोजन के संयोजक अनुराग साहू ने बताया कि मध्यरात्रि में श्रीकृष्ण जन्म के अवसर पर पंडित लालता प्रसाद द्वारा दक्षिणावर्त श्रीलक्ष्मी शंख से भगवान का पंचाभिषेक कराया गया। इसमें बिहारी लाल साहू, कंचन साहू, भारत भूषण गुप्ता, अंजू बंसल और घनश्याम दास अग्रवाल शामिल रहे। इसके बाद विशेष आरती और प्रसाद वितरण होगा। श्रद्धालुओं के लिए ‘लॉर्ड कृष्णा’ के साथ चित्र खिंचवाने का विशेष स्थान भी बनाया गया है। जन्मोत्सव की खुशी में प्रसाद वितरण के साथ आनंद उत्सव का आयोजन होगा।
