UP Board Exam 2027: छात्रों के लिए बड़ी राहत, परीक्षा फॉर्म भरने की तारीख बढ़ी; अब इस दिन तक मिलेगा मौका

# ## UP

अयोध्या। यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए आवेदन करने वाले छात्रों को बड़ी राहत मिली है। परीक्षा फॉर्म भरने और कक्षा 9 व 11 के अग्रिम पंजीकरण की अंतिम तारीख बढ़ा दी गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. पवन कुमार तिवारी ने बुधवार को बताया कि हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि अब 5 सितंबर कर दी गई है।

पहले परीक्षा फॉर्म भरने की आखिरी तारीख 1 सितंबर निर्धारित थी। अब छात्रों को चार दिन का अतिरिक्त समय दिया गया है। इस दौरान वे निर्धारित प्रक्रिया पूरी कर परीक्षा में शामिल होने के लिए अपना आवेदन पूरा कर सकेंगे।

5 सितंबर तक जमा कर सकेंगे परीक्षा शुल्क

नई समयसीमा के अनुसार छात्र 5 सितंबर तक परीक्षा शुल्क का एकमुश्त चालान जमा कर सकेंगे। इसके साथ ही छात्र-छात्राएं इसी तारीख तक अपने विवरण की चेकलिस्ट भी देख सकेंगे।

यदि चेकलिस्ट में नाम, विवरण या अन्य किसी जानकारी में गलती मिलती है तो निर्धारित समयसीमा के भीतर उसमें आवश्यक संशोधन और अपडेट भी कराया जा सकेगा।

कक्षा 9 और 11 के पंजीकरण की तारीख भी बढ़ी

यूपी बोर्ड ने कक्षा 9 और 11 के विद्यार्थियों को भी राहत दी है। इन कक्षाओं के अग्रिम पंजीकरण की अंतिम तिथि बढ़ाकर 10 सितंबर कर दी गई है। इससे जिन छात्रों का पंजीकरण अभी पूरा नहीं हुआ है, उन्हें प्रक्रिया पूरी करने के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है।

प्रधानाचार्यों को ऑनलाइन डाटा अपलोड करने के निर्देश

जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिया है कि निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी छात्रों का डाटा ऑनलाइन अपलोड करना सुनिश्चित करें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि समय रहते प्रक्रिया पूरी होने से आगे चलकर छात्रों को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।