लखनऊः यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कृषि विभाग में नवनियुक्त 3572 युवाओं को मंगलवार को नियुक्ति पत्र सौंपा। इस मौके पर सीएम योगी ने कहा कि उनकी सरकार अगले छह महीने में एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देगी। सीएम योगी ने कहा कि एक भी नियुक्ति पर कोई प्रश्न नहीं खड़ा कर सकता है। मैं प्रदेश भर के युवाओं को इस बात के लिए आश्वस्त कर रहा हूं कि अगले 6 महीने के अंदर 1 लाख नौजवानों को फिर सरकारी नियुक्ति पत्र अलग-अलग स्टेज में हर सप्ताह उपलब्ध करवाने जा रहे हैं। यूपी के अंदर कभी यह कल्पना होती थी। यहां हम छह महीने के अंदर ही 1 लाख नौजवानों को सरकारी नियुक्ति पत्र दे देंगे। सारी परीक्षाएं पूर्ण हो गई हैं
।इससे पहले मुख्यमंत्री ने एक्स पर कहा कि प्रदेश के युवाओं को रोजगार से जोड़कर उनके सपनों को नई उड़ान देना और उन्हें स्वावलंबन की राह पर आगे बढ़ाना डबल इंजन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।इस शृंखला में आज उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) द्वारा निष्पक्ष एवं पारदर्शी चयन प्रक्रिया से कृषि विभाग के लिए नव चयनित 3,446 प्राविधिक सहायकों (ग्रुप-सी) एवं मंडी परिषद में श्रेणी-3, वर्ग-2 के 126 मंडी सचिवों को लखनऊ में नियुक्ति-पत्र प्रदान किए जाएंगे। युवाओं की प्रतिभा को अवसर और उनके परिश्रम को सम्मान देकर हम ‘सक्षम युवा-समर्थ उत्तर प्रदेश’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहे हैं।
मई महीने में भी बांटे गए थे नियुक्ति पत्र
इससे पहले मुख्यमंत्री ने आयुष विभाग से जुड़े चुने गए प्रोफेसरों, रीडरों, चिकित्सा अधिकारियों और स्टाफ नर्सों को मई 2026 में नियुक्ति पत्र बांटा था। व्यावसायिक शिक्षा विभाग के तहत नियुक्त इंस्ट्रक्टरों को भी कार्यक्रम के दौरान नियुक्ति पत्र दिए गए थे। दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग में नर्स, हॉस्टल वार्डन और कंपाउंडर जैसे पदों के लिए चुने गए उम्मीदवार भी राज्य सरकार द्वारा घोषित भर्ती अभियान का हिस्सा बने थे। भर्ती प्रक्रिया उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग और उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से पूरी की गई थी। मुख्यमंत्री ने इस प्रक्रिया को “निष्पक्ष और पारदर्शी” बताया। इस दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा था, ”यह नया उत्तर प्रदेश है, जहां एक तरफ युवाओं के सपने नई उड़ान भर रहे हैं, और दूसरी तरफ विकास परियोजनाएं राज्य की प्रगति को नई गति दे रही हैं।”
सीएम योगी का युवाओं पर फोकस
इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कल लखनऊ में जापानी कंपनियों के निवेश एवं पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इन्वेस्ट यूपी तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश और जापान के बीच निरंतर संवाद के माध्यम से निवेश को बढ़ावा दिया जाए और प्रदेश के युवाओं को रोजगार से जोड़ा जाए। मुख्यमंत्री ने YEIDA के अंतर्गत जापानी सिटी के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रगति की जानकारी लेते हुए कार्य को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं, रायबरेली में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। सीएम योगी ने अखिलेश यादव की भी आलोचना की।
