कोडीन सीरप मामले में 5 हजार पन्नों की चार्जशीट दाखिल, सरगना विनोद अग्रवाल समेत तीन पर शिकंजा

# ## Health /Sanitation

 यूपी समेत कई राज्यों में कोडीनयुक्त सीरप की अवैध सप्लाई के चर्चित मामले में एसआईटी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गिरोह के सरगना विनोद अग्रवाल, उसके बेटे शिवम अग्रवाल और साथी प्रभात खरे के खिलाफ करीब 5000 पन्नों की चार्जशीट अदालत में दाखिल कर दी है। चार्जशीट में 61 गवाह बनाए गए हैं। गिरोह के खिलाफ शहर के विभिन्न थानों में आठ मुकदमे दर्ज हैं, जबकि सात मामलों की जांच अभी भी एसआईटी कर रही है।

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने श्रीराम मेडिकल एजेंसी के नाम पर 21.50 लाख कोडीनयुक्त सीरप की सप्लाई दर्शाई थी। सप्लाई के लिए जिन ट्रकों के ई-वे बिल लगाए गए, उनकी जांच में कई नंबर ई-रिक्शा, ऑटो, लोडर और अन्य वाहनों के निकले। एसआईटी के अनुसार दो वर्षों में 32 फर्मों के जरिए 1.12 करोड़ सीरप की कथित सप्लाई दिखाई गई।

आठ मुकदमे दर्ज, सात की जांच जारी

इससे पहले खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की जांच में करीब 26 लाख की कोडीनयुक्त सीरप की अवैध खरीद-बिक्री का खुलासा हुआ था। मामले में विभिन्न थानों में आठ एफआईआर दर्ज कराई गई थीं। एसआईटी अब तक विनोद अग्रवाल, शिवम अग्रवाल, प्रभात खरे समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि वेद प्रकाश शिवहरे, अनमोल गुप्ता, मंजू शर्मा और अभिषेक शर्मा अभी फरार हैं।