वाराणसी में फिर लौटा कोरोना, 2 साल का मासूम कोविड-19 पॉजिटिव; स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

# ## Varanasi Zone

वाराणसीः उत्तर प्रदेश के वाराणसी में कोविड-19 संक्रमण का एक नया मामला सामने आया है। चंदौली निवासी दो वर्षीय मासूम में कोरोना संक्रमण की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। बच्चे को उपचार के लिए वाराणसी के ककरमत्ता स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बुखार, सर्दी और खांसी के बाद हुई जांच

परिजनों के अनुसार बच्चे को बुखार, सर्दी और खांसी की शिकायत होने पर अस्पताल लाया गया था। चिकित्सकीय जांच के दौरान उसकी कोविड-19 रिपोर्ट पॉजिटिव आई।

संक्रमण की पुष्टि के बाद बच्चे को तत्काल अस्पताल के अलग वार्ड में स्थानांतरित कर इलाज शुरू कर दिया गया।

डॉक्टरों ने बताई बच्चे की स्थिति

अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार बच्चे की हालत फिलहाल सामान्य है और उसका इलाज जारी है। डॉक्टर लगातार उसकी निगरानी कर रहे हैं।

कुछ दिनों में तीसरा कोविड मामला

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, वाराणसी में पिछले कुछ दिनों के भीतर सामने आया यह कोविड-19 संक्रमण का तीसरा मामला है। विभाग पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और आवश्यक स्वास्थ्य प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा है।