लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने बलिया में हुए विरोध प्रदर्शन के बाद समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है।
सोशल मीडिया मंच एक्स पर किए गए पोस्ट में राजभर ने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ सपा कार्यकर्ताओं को उतारा गया क्योंकि वह “सच लिख रहे हैं”। उन्होंने अखिलेश यादव को अपने कार्यकर्ताओं को नियंत्रित करने की सलाह देते हुए कहा कि यदि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश हुई तो योगी सरकार सख्ती से कार्रवाई करेगी।
‘सच आपको पच नहीं रहा’
राजभर ने अपने पोस्ट में लिखा कि बलिया में सैकड़ों की संख्या में सपा कार्यकर्ता उनके विरोध में सड़क पर उतर आए। उन्होंने कहा कि ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि वह “सच लिख रहे हैं” और यह सपा नेतृत्व को स्वीकार नहीं हो रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी की राजनीति हमेशा गैर-यादव अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के प्रति भेदभावपूर्ण रही है।
‘मुर्दाबाद के नारों से डरने वाले नहीं’
सुभासपा प्रमुख ने कहा कि वह मुर्दाबाद के नारों और काले झंडों से घबराने वाले नहीं हैं। उन्होंने लिखा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में विरोध का अधिकार है, लेकिन यदि किसी में दम है तो चुनावी मैदान में मुकाबला करे। उन्होंने यह भी कहा कि “भगवा फिर भी लहराता रहेगा।”
योगी सरकार का किया जिक्र
ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव से अपने “गुंडों को संभालने” की बात कहते हुए लिखा कि यदि हालात बिगाड़ने की कोशिश हुई तो योगी सरकार कानून के तहत सख्ती से निपटना जानती है। उन्होंने दावा किया कि वह संघर्ष की राजनीति से आए हैं और ऐसे विरोध से डरने वाले नहीं हैं।
बलिया दौरे से पहले हुआ था विरोध प्रदर्शन
शनिवार को बलिया दौरे से पहले रतसड़ क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने ओम प्रकाश राजभर के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने काले झंडे दिखाए और “ओपी राजभर गो बैक” के नारे लगाए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता राजभर का पुतला फूंकने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने हस्तक्षेप कर उन्हें रोक दिया। कुछ समय के लिए क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी रही, हालांकि पुलिस की मौजूदगी में हालात नियंत्रण में रहे।
