नोएडा में एक आईटी कंपनी के मालिक अभिषेक अग्निहोत्री (30 वर्ष) अपने स्टाफ के साथ शुक्रवार रात जिम कॉर्बेट घूमने जा रहे थे. शनिवार सुबह 5 बजे रामपुर में उनकी तेज रफ्तार ईको कार एक खड़ी डीसीएम में पीछे से घुस गई. इस भीषण हादसे में अभिषेक, इंजीनियर कार्तिक, नीरज और गुलबुद्दीन की मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हैं. पुलिस के अनुसार, सुबह के समय ड्राइवर को झपकी आना और तेज रफ्तार हादसे का मुख्य कारण है.
उत्तर प्रदेश के रामपुर में शनिवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. यहां नोएडा से उत्तराखंड के जिम कॉर्बेट पार्क घूमने जा रहे 7 युवकों की ईको कार सुबह करीब 5 बजे हाईवे पर खड़े ट्रक से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वह पूरी तरह चकनाचूर हो गई. हादसे के बाद का एक बेहद विचलित करने वाला वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें शवों के बीच फंसा एक खून से लथपथ युवक जिंदगी के लिए ‘भैया, बचा लो’ कहकर मदद की गुहार लगा रहा है. सूचना पर पहुंची पुलिस ने गैस कटर से कार को काटकर शवों और घायलों को बाहर निकाला
.पुलिस के मुताबिक, इस हादसे में जान गंवाने वाले चारों युवक दिल्ली-एनसीआर के रहने वाले थे. अभिषेक अग्निहोत्री (30 वर्ष) दिल्ली निवासी, जो नोएडा के सेक्टर-2 में ‘इंडियन शॉप’ नाम की आईटी कंपनी चलाते थे. कार्तिक राजपूत (24 वर्ष) बागपत निवासी, जो बीसीए (BCA) करने के बाद अभिषेक की कंपनी में बतौर इंजीनियर कार्यरत थे. उनकी 2 साल पहले ही शादी हुई थी और उनकी एक साल की मासूम बेटी है. नीरज (24 वर्ष) दिल्ली निवासी (मूल निवासी अलीगढ़), जिनकी शादी की बातचीत चल रही थी. गुलबुद्दीन उर्फ सोनू (35 वर्ष) दिल्ली निवासी, जो अविवाहित थे और कंपनी में स्टाफ के सदस्य थे.
