राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन, आरोपी रमाशंकर मिश्रा के घर पहुंची टीम… खुला ये राज

# ## UP

अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस का एक्शन लगातार जारी है. पुलिस अलग-अलग टीमों के साथ सभी आठ आरोपियों के घरों पर छापेमारी कर रही है. इसी कड़ी में पुलिस ने आरोपी रमाशंकर मिश्रा के घर पर भी दबिश दी है. बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों ने घर के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली है. इसके साथ ही घरवालों के बयान भी दर्ज किए गए हैं. पूछताछ के दौरान रमाशंकर के पिता और भाभी ने पुलिस के सामने कई अहम खुलासे किए हैं.

पिता बोले- अलग रहता है बेटा

पुलिस अयोध्या के मीरापुर सखा बगिया इलाके में रमाशंकर मिश्रा के घर पहुंची थी. रमाशंकर के पिता खुद पेशे से एक पुजारी हैं. उन्होंने पुलिस को बताया था कि उनका बेटा पिछले दो-ढाई साल से उनसे अलग रह रहा है. पिता के मुताबिक, जब से रमाशंकर को मंदिर में भोजन मिलने लगा था, तब से वह बाहर किराए का कमरा लेकर रहने लगा था. वह वहां पांच-छह साल से नोट गिनने का काम कर रहा था और उसे 15 हजार रुपये तनख्वाह मिलती थी.

नहीं दी कोई आर्थिक मदद

पिता ने पुलिस को यह भी साफ किया है कि बेटे ने आज तक उनकी कोई आर्थिक मदद नहीं की है. पिता का कहना था कि रमाशंकर ने उन्हें कभी सब्जी तक के लिए पैसा नहीं दिया है. घर में अनबन होने के कारण रमाशंकर को परिवार से अलग कर दिया गया था. पिता ने बताया है कि पुलिस को उनके घर से कोई भी पैसा या जेवरात नहीं मिला है. पुलिस केवल उनके दूसरे बेटे विवेक और उसकी पत्नी की एक पुरानी बैंक पासबुक ले गई है.

भाभी ने भी चोरी नकारी

पुलिस की पूछताछ में रमाशंकर की भाभी ने भी चोरी के पैसों की बात से साफ इनकार किया है. उन्होंने दावा किया है कि रमाशंकर के साथ उनके परिवार का कोई नाता नहीं था. घर में अनबन रहती थी, इसलिए उसने कभी भी उन्हें 10 रुपये तक नहीं दिए थे. भाभी ने यह भी बताया है कि रमाशंकर पिछले ढाई साल से घर नहीं आया है. पुलिस उनके घर से केवल आधार कार्ड और बैंक खाते के नंबर लेकर गई है.

मनीष और टिन्नू के घर छापा

रमाशंकर के अलावा पुलिस ने आरोपी मनीष यादव और टिन्नू यादव के घर पर भी अचानक छापेमारी की थी. पुलिस ने मनीष यादव के बंद पड़े घर का ताला तोड़कर करीब आधे घंटे तक अंदर जांच-पड़ताल की थी. वहीं, टिन्नू यादव के परिवार वालों से भी काफी देर तक पूछताछ हुई थी.

अब तक मिले 80 लाख रुपये

चढ़ावा चोरी मामले में 25 जून को एफआईआर दर्ज होने के बाद आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था. कोर्ट में पेशी के बाद इन सभी को 29 जून तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेजा गया था. अब इस पूरे मामले में फिर से सुनवाई होनी है. पुलिस इस मामले में हर एंगल से जांच कर रही है ताकि कोर्ट के लिए सारे सबूत जुटाए जा सकें. पुलिस की जांच में अब तक इन आरोपियों के पास से 80 लाख रुपये नगद बरामद होने की बात सामने आई है.