यूपी के कानपुर में मोहर्रम के जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गए, लेकिन अब सोशल मीडिया पर कुछ ऐसे वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें जुलूस के दौरान मारपीट, पथराव और लाठी-डंडों से झड़प होती दिखाई दे रही है। वायरल वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह के दावे किए जा रहे हैं। ये वीडियो कानपुर के बजरिया और कर्नलगंज थाना क्षेत्रों के बताए जा रहे हैं।
जुलूस में शामिल लोगों ने एक-दूसरे पर चलाई लाठी
वायरल हो रहे वीडियो में बड़ी संख्या में लोग एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला करते नजर आ रहे हैं। कुछ क्लिप्स में सैकड़ों लोगों की भीड़ एक-दूसरे पर पथराव करती नजर आ रही है। देखते ही देखते इलाके में अफरा-तफरी का माहौल दिखाई देता है, जबकि कुछ वीडियो में लोगों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति भी देखने को मिल रही है। सोशल मीडिया यूजर्स इन वीडियो को मोहर्रम के जुलूस से जोड़कर साझा कर रहे हैं, जिसके चलते इनकी चर्चा लगातार बढ़ रही है।
पुलिस ने संज्ञान लेकर दर्ज किया मुकदमा
इन वीडियो के सामने आने के बाद कानपुर में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। कई लोग वीडियो को शेयर कर अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं, जबकि कुछ लोग पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने लिया एक्शन
पुलिस प्रशासन की ओर से इन वायरल वीडियो का संज्ञान ले लिया गया है और मुकदमा भी दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद एक्शन लिया।
जुलूस के दौरान युवकों में हुई झड़प
इस घटना पर डीसीपी सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव ने कहा कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें कुछ युवक जुलूस के दौरान आपस में झड़प करते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस सूचना का संज्ञान लेते हुए तत्काल बजरिया थाना पर उचित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। विस्तृत विवेचना की जा रही है।
