लोकबंधु अस्पताल परिसर के वन स्टॉप सेंटर में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, सभी सुरक्षित

Lucknow
  • अस्पताल कर्मियों की तत्परता से बड़ा हादसा टला, दमकल के पहुंचने से पहले आग पर पाया गया काबू

लखनऊ। कानपुर रोड स्थित एलडीए कॉलोनी में लोकबंधु अस्पताल परिसर के वन स्टॉप सेंटर में शुक्रवार सुबह करीब 5:30 बजे शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। आग लगते ही परिसर में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन अस्पताल कर्मियों की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

जानकारी के अनुसार, आग लगने के समय शेल्टर होम में एक महिला, दो लड़कियां और चार कर्मचारी मौजूद थे। आग की सूचना मिलते ही अस्पताल स्टाफ ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और सभी को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के साथ ही आग पर भी नियंत्रण पा लिया।

बताया गया कि बिजली व्यवस्था में ट्रिपिंग की समस्या की सूचना पहले ही संबंधित विभाग को दी गई थी, लेकिन शिकायत के बावजूद बिजली विभाग के अधिकारियों ने फोन तक नहीं उठाया। वहीं, पुलिस टीम सूचना मिलने के कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंच गई और स्थिति का जायजा लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दमकल विभाग की टीम करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंची। तब तक अस्पताल कर्मी आग पर पूरी तरह काबू पा चुके थे, जिससे आग अधिक नहीं फैल सकी।

इस घटना के बाद एक बार फिर शहर में लगातार सामने आ रही आग की घटनाओं के बीच सरकारी संस्थानों की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और संबंधित विभागों की आपातकालीन तैयारियों पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने अस्पतालों और सार्वजनिक भवनों में नियमित विद्युत निरीक्षण तथा अग्नि सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने की मांग की है।