बहराइच में फर्जी अस्पतालों पर सीएमओ की बड़ी कार्रवाई, दो अस्पताल और तीन जांच केंद्र सील

Lucknow UP
  • बहराइच में फर्जी अस्पतालों पर सीएमओ की बड़ी कार्रवाई, दो अस्पताल और तीन जांच केंद्र सील

बहराइच। जिले के मटेरा बाजार में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. संजय कुमार के नेतृत्व में फर्जी अस्पतालों, पैथोलॉजी और डायग्नोस्टिक सेंटरों के खिलाफ व्यापक छापेमारी अभियान चलाया गया। अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया और कई अवैध अस्पताल संचालक अपने प्रतिष्ठानों के शटर गिराकर फरार हो गए।

छापेमारी के दौरान प्रशासन ने अनियमितताएं पाए जाने पर साहू क्लीनिक और उमर क्लिनिक को तत्काल सील कर दिया। इसके अलावा अपोलो डायग्नोस्टिक्स, चरक पैथोलॉजी तथा डिजिटल वर्ल्ड पैथोलॉजी को भी सीज कर दिया गया।

वहीं, नवोदय हॉस्पिटल, मटेरा को नोटिस जारी करते हुए निर्धारित समय में आवश्यक अभिलेख और मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही भविष्य में नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

सीएमओ डॉ. संजय कुमार ने स्पष्ट किया कि बिना मान्यता या निर्धारित मानकों के विपरीत संचालित होने वाले अस्पतालों और जांच केंद्रों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई के बाद मटेरा बाजार क्षेत्र में अवैध रूप से स्वास्थ्य सेवाएं संचालित करने वालों में दहशत का माहौल है।