Bareilly News : गलने लगा बरेली जंक्शन का एफओबी, एनआर ने एनईआर को चेताया तो लग रही सपोर्ट

# ## Bareilly Zone

उत्तर रेलवे बरेली जंक्शन के इंजीनियरिंग विभाग के पत्र से एनई रेलवे इज्जतनगर मंडल में मची खलबली के बाद शाहजहांपुर छोर पर मौजूद एफओबी (फुट ओवर ब्रिज) पर एक्स्ट्रा सपोर्ट लगाने का काम शुरू कर दिया गया है। खास बात ये कि खतरे का सबब बने इस एफओबी पर इज्जतनगर मंडल के इंजीनियरिंग विभाग की नजर महीनों तक नहीं पड़ी। उत्तर रेलवे के अधिकारियों ने मामला पूर्वोत्तर रेलवे तक पहुंचाया तब आनन-फानन में सपोर्ट लगाने का काम शुरू कराया गया है। हालांकि अधिकारी किसी बड़े खतरे से इन्कार कर रहे हैं।

दरअसल बरेली जंक्शन के शाहजहांपुर छोर पर एफओबी सालों पुराना है। लोहे व पत्थर से बना ये एफओबी कई जगह से गलने लगा था। उत्तर रेलवे बरेली जंक्शन के इंजीनियरिंग विभाग ने अपने परिक्षेत्र में पड़ने वाले प्लेटफार्म नंबर एक, दो व तीन पर पूर्व में ही अतिरिक्त सपोर्ट लगा दी थी। जबकि पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल को जहां सपोर्ट लगाना था वो जगह उत्तर रेलवे के प्लेटफार्म नंबर चार व पूर्वोत्तर रेलवे के प्लेटफार्म नंबर पांच के बीच आती है। बरेली जंक्शन के इंजीनियरिंग विभाग ने इस बाबत इज्जतनगर मंडल के इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारियों को पत्र लिखा जिससे इज्जतनगर रेल मंडल के अधिकारियों में खलबल मच गई। आनन-फानन में बुधवार को काम शुरू कर दिया गया।

एनआर व एनई रेलवे को जोड़ता है एफओबी
बरेली जंक्शन का प्लेटफार्म नंबर एक, दो, तीन व चार उत्तर रेलवे के तहत आता है। जबकि प्लेटफार्म नंबर पांच व छह पूर्वोत्तर रेलवे के परिक्षेत्र में आता है। ये फुटओवर ब्रिज स्वचलित सीढ़ियों, प्लेटफार्म नंबर एक, दो, तीन, चार, पांच व छह को जोड़ता है। सभी छह प्लेटफार्म पर हर दिन 50 हजार के आसपास यात्रियों का फुटफॉल है। बरेली जंक्शन के रिमॉडलिंग कार्य किए जाने हैं जिसमें करीब 6 मीटर चौड़ा एफओबी प्रस्तावित है। हालांकि अभी रिमॉडलिंग के सभी काम तमाम पेचीदगियों की वजह से अटके हैं जिसकी वजह से पुराने एफओबी को मरम्मत कर काम चलाया जा रहा है।

यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्लेटफार्म नंबर चार व पांच के बीच एफओबी पर अतिरिक्त सपोर्ट लगाने का काम बुधवार को शुरू हो गया है। जल्द से जल्द इस काम को पूरा कराया जाएगा।