बाराबंकी 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में सोमवार को जीआईसी ऑडिटोरियम में योग सप्ताह का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खाद्य एवं रसद राज्य मंत्री सतीश शर्मा ने कहा कि योग शरीर और मन दोनों को स्वस्थ रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि योग की प्राचीन भारतीय परंपरा को आधुनिक युग में वैश्विक पहचान दिलाने का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जाता है।
उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब विदेशी संस्थाएं योग के विभिन्न आसनों को पेटेंट कराने का प्रयास कर रही थीं और भारत अपनी अमूल्य विरासत से वंचित होता जा रहा था। ऐसे समय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त राष्ट्र संघ में पहल कर योग को वैश्विक मान्यता दिलाई। उन्होंने सभी योग साधकों एवं प्रशिक्षुओं को योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधान परिषद सदस्य अवनीश सिंह पटेल ने कहा कि आयुष विभाग के प्रोटोकॉल का पालन करते हुए उन्होंने अपने स्नातक क्षेत्र के सभी सात जनपदों में योग जागरूकता कार्यक्रमों की शुरुआत की है। उन्होंने बताया कि सोमवार तक लखनऊ, लखीमपुर, हरदोई, सीतापुर सहित पांच जनपदों में ऐसे 17 कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। उन्होंने जानकारी दी कि 19 जून को लखनऊ स्थित विश्वेश्वरैया हॉल में योग गौरव सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
