कराची: पाकिस्तान के सुरक्षाबलों ने बलूचिस्तान में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है और बलूचिस्तान के मंगला जरघून घर इलाके में अभियान चलाकर 35 आतंकियों को मार गिराया है और 3 सीनियर कमांडरों को गिरफ्तार किया है। पाकिस्तान ने ये कार्रवाई 13 मई को शुरु हुए अभियान के दौरान की, जिसमें बीते 4 दिनों में 35 आतंकी मारे गए हैं।
बलूचिस्तान सरकार के प्रवक्ता का सामने आया बयान
बलूचिस्तान सरकार के प्रवक्ता शाहिद रिंद ने रविवार रात क्वेटा में मीडिया से बात करते हुए ये जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि ये अभियान प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान और बलूचिस्तान में उनके सहयोगी समूहों के खिलाफ चलाया गया था। रिंद ने बताया कि पकड़े गए तीनों कमांडर हाई-प्रोफाइल व्यक्ति हैं, और यह अभियान प्रांत में पहले पकड़े गए आतंकवादियों से प्राप्त खुफिया जानकारी के आधार पर चलाया गया था।
कई बेस कैंप भी नष्ट
रिंद ने ये भी बताया कि सुरक्षाबलों की कार्रवाई में मंगला जरघून घर क्षेत्र में कई बेस कैंप भी नष्ट हुए हैं। हालांकि अभी इस मामले पर पाकिस्तानी सेना का कोई बयान सामने नहीं आया है। वहीं रिंद का कहना है कि प्रांत में मिले इनपुट्स के आधार पर अभियान चलाए जा रहे हैं और इसका मकसद आतंकवाद को खत्म करना है।हालही में आतंकियों के खिलाफ चलाए गए अभियान में एक मेजर सहित पांच सैनिक मारे गए थे।
पाकिस्तान की ओर से ये कार्रवाई ऐसे समय में सामने आई है, जब बीते बुधवार को बलूचिस्तान के बरखान जिले में आतंकवादियों के खिलाफ चलाए गए अभियान में एक मेजर सहित पांच सैनिकों की मौत हो गई थी। ये जानकारी इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) के अनुसार सामने आई थी। अभियान में कम से कम सात आतंकवादी मारे गए थे।
